बिहार में फिर गोलियों की गूंज, घर लौट रहे एयरटेल कर्मी पर जानलेवा हमला, चेहरे पर मारी गोली, हालत नाजुक

Bihar Crime: दरभंगा में बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए सनसनीखेज़ जानलेवा हमला अंजाम दिया।

Darbhanga Airtel Worker Shot CCTV Scans On for Attackers
एयरटेल कर्मी पर जानलेवा हमला- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार के दरभंगा में बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए सनसनीखेज़ जानलेवा हमला अंजाम दिया। बहेड़ी थाना क्षेत्र के निमैठी चौक पर देर रात बाइक सवार हमलावरों ने एयरटेल कंपनी के कर्मी संजीव कुमार सिंह को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फ़ायरिंग कर दी। इस खूनी वारदात में उन्हें दो गोलियां लगीं और उनकी हालत नाज़ुक बनी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक संजीव कुमार सिंह काम खत्म कर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे दो मुल्ज़िम बाइक से पहुंचे और बेहद करीब से गोलियां बरसा दीं। एक गोली उनके चेहरे के जबड़े के पास लगी, जबकि दूसरी कंधे में धंस गई। गोलियों की आवाज़ सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फ़रार हो गए।

स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ संजीव कुमार सिंह को तत्काल दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर उनकी जान बचाने की कोशिश में जुटे हैं। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

घटना से नाराज़ लोगों ने मौके पर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। बहेड़ी समेत आसपास के पांच थानों की पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर हालात को काबू में लिया।

पुलिस ने मौके से दो खोखे बरामद किए हैं और एफएसएल की मदद से अहम सुराग जुटाए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी ने बताया कि वारदात को एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने अंजाम दिया है। पुलिस हर पहलू—चाहे वह रंजिश, सुपारी, या किसी अन्य साज़िश से जुड़ा हो की तफ्तीश कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही वारदात में शामिल मुल्ज़िमों को गिरफ्तार कर कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।

रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर