Vande Bharat Train: बिहार को मिलेगी एक और वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात, इन रुटों पर दौड़ेगी ट्रेन

Vande Bharat Train: बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी तेज हो गई है। प्रस्तावित ट्रेन को दरभंगा से वाराणसी तक चलाने की योजना है। जिसके रूट को लेकर रेलवे अधिकारी मंथन कर रहे हैं। रेलवे के समस्तीपुर मंडल द्वारा इस सेमी हाईस्पीड ट्रेन के लिए दो संभावित रूट पर विचार किया जा रहा है।

बिहार को मिली एक और वंदे भारत

पहला रूट दरभंगा से समस्तीपुर, बरौनी, मोकामा और पटना होते हुए वाराणसी तक का है। हालांकि इस रूट पर पहले से अधिक ट्रैफिक होने के कारण इसकी संभावना थोड़ी कम मानी जा रही है। दूसरा और अधिक संभावित रूट दरभंगा से मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, हाजीपुर, छपरा और बलिया होते हुए वाराणसी तक का बताया जा रहा है। इस रूट पर टाइम टेबल को लेकर अधिकारियों के बीच चर्चा जारी है।

तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात 

यदि यह ट्रेन मुजफ्फरपुर रूट से चलाई जाती है, तो यह शहर की तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। इससे पहले गोरखपुर से पाटलिपुत्र और जोगबनी से दानापुर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेनें भी मुजफ्फरपुर होकर गुजरती हैं। गौरतलब है कि पिछले वर्ष रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान बनारस के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाने का आश्वासन दिया था। उसी कड़ी में अब दरभंगा से इस ट्रेन के परिचालन की तैयारी की जा रही है।

बिहार से वाराणसी जाने वालों को मिलेगा फायदा 

रेलवे आंकड़ों के अनुसार, फिलहाल जयनगर से वाराणसी के लिए सीमित ट्रेनें ही उपलब्ध हैं, जबकि काशी विश्वनाथ मंदिर के कारण उत्तर बिहार से वाराणसी जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी अधिक है। ऐसे में नई वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने से यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिल सकेगा।