Bihar School News: अब स्कूल वैन की मनमानी खत्म! बिहार सरकार का नया पोर्टल, हर वाहन-चालक पर रहेगी पैनी नजर

Bihar School News: बिहार में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक और निगरानी वाला कदम उठाया है। ...

अब स्कूल वैन की मनमानी खत्म- फोटो : social Media

Bihar School News: बिहार में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक और निगरानी वाला कदम उठाया है। अब राज्य के सभी निजी स्कूलों के वाहनों का पूरा रिकॉर्ड परिवहन विभाग की निगरानी में रहेगा। इसी महीने परिवहन विभाग एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च करने जा रहा है, जहां सभी निजी स्कूलों को अपने वाहनों और चालकों का विस्तृत ब्योरा अनिवार्य रूप से दर्ज करना होगा। सरकार का कहना है कि इस पहल का मकसद बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और स्कूल वाहनों से जुड़ी लापरवाही पर सख्त निगरानी रखना है।

परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार के मुताबिक, पोर्टल पर स्कूलों को अपने सभी वाहनों का पंजीकरण कराना होगा। इसमें बड़ी बस, मिनी बस, वैन और बच्चों को लाने-ले जाने वाले हर वाहन की पूरी जानकारी देनी होगी। साथ ही वाहन चालक का विवरण, वाहन की फिटनेस, बीमा, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेज भी ऑनलाइन दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद विभाग इन सभी जानकारियों की डिजिटल निगरानी करेगा।

सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है जब कई जिलों से जर्जर और फिटनेस विहीन वाहनों में बच्चों को ढोने तथा सड़क हादसों की घटनाएं सामने आई हैं। नई व्यवस्था के तहत परिवहन विभाग के लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम से भी स्कूल वाहनों को जोड़ा जाएगा, जिससे उनकी आवाजाही और गति पर नज़र रखी जा सकेगी। यदि किसी वाहन की फिटनेस, बीमा या अन्य वैध दस्तावेज की अवधि समाप्त होती है तो इसकी सूचना तुरंत विभाग को मिल जाएगी और संबंधित स्कूल को जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) के माध्यम से नोटिस जारी किया जाएगा।

इस पूरी व्यवस्था की निगरानी सभी जिलों के ट्रैफिक एसपी और डीटीओ करेंगे। पोर्टल लॉन्च होने के बाद विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर सभी निजी स्कूलों को समय पर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए जाएंगे। परिवहन विभाग का कहना है कि अगले चरण में मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों के वाहनों को भी इसी डिजिटल निगरानी प्रणाली से जोड़ा जाएगा। सरकार को उम्मीद है कि यह व्यवस्था बच्चों की सुरक्षा, पारदर्शिता और जवाबदेही को नई मजबूती देगी।