Budget Session 2026: बजट में एक बार भी नहीं लिया बिहार का नाम फिर भी डिप्टी सीएम ने की खूब सराहना, जानिए क्या कहा?

Budget Session 2026: केंद्रीय बजट में एक बार फिर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बिहार का नाम नहीं लिया। हालांकि उन्होंने एक बार पटना का नाम जरुर लिया। बिहार को बजट में कोई खास सौगात भी नहीं दिया गया। पढ़िए आगे...

सम्राट चौधरी का बड़ा बयान - फोटो : social media

Budget Session 2026: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में केंद्रीय बजट 2026 पेश किया। इस बजट से बिहार के लोगों को खास उम्मीदें थीं, लेकिन वित्त मंत्री के बजट भाषण में बिहार का नाम सीधे तौर पर एक बार भी नहीं लिया गया। हालांकि, उन्होंने पटना का उल्लेख करते हुए यहां जहाजों की मरम्मत (शिप रिपेयर) का केंद्र खोलने की घोषणा जरूर की। वहीं बजट पेश होने के बाद बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह बजट 2047 के विकसित भारत की नींव रखने वाला बजट है।

विकसित भारत की नींव रखने वाला बजट 

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट में यह साफ झलकता है कि देश को किस दिशा में विकसित किया जाना है और किन-किन क्षेत्रों पर फोकस करके आगे बढ़ना है। सरकार ने उन सेक्टरों पर विशेष ध्यान दिया है, जहां और मजबूती के साथ काम करने की जरूरत है। सम्राट चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से हाई स्पीड रेल, मत्स्य पालन, सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री, जल मार्गों के आधुनिकीकरण और स्वास्थ्य व्यवस्था को जिला स्तर तक मजबूत करने जैसी कई अहम योजनाओं पर काम करने का संकल्प लिया गया है।

पीएम मोदी को दी बधाई 

उन्होंने खास तौर पर डिस्ट्रिक्ट लेवल तक स्वास्थ्य सेवाएं और ICU सुविधाएं उपलब्ध कराने की सोच को सराहा। उन्होंने कहा कि इस विजन के साथ पेश किया गया बजट बेहद सराहनीय और दूरदर्शी है। उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की जो मजबूत नींव आज रखी गई है, उसके लिए प्रधानमंत्री प्रशंसा के पात्र हैं।

सम्राट चौधरी का बयान 

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर ट्विट कर कहा कि, "नया इनकम टैक्स एक्ट 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा। स्मॉल टैक्सपेयर्स के लिए सरल नियम, ITR की बढ़ी हुई डेडलाइन, फॉरेन एसेट डिस्क्लोजर में राहत और कोर टैक्स डिमांड में कटौती, ये सभी फैसले ईमानदार करदाताओं को सशक्त बनाने और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को नई गति देने की दिशा में अहम कदम हैं। यह बजट भरोसे, पारदर्शिता और विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करने वाला है"। 

हर वर्ग को कर रहा सशक्त 

वहीं, बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने केंद्रीय बजट को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि यह बजट आत्मनिर्भरता, विकास और समावेशी प्रगति का स्पष्ट रोडमैप है। उन्होंने कहा कि यह बजट हर वर्ग को सशक्त करने की दिशा दिखाता है और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देता है, साथ ही नए अवसरों और स्थायी विकास की नींव रखता है। 

पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट