पीएम मोदी के मन की बात में बिहार का हुआ खास जिक्र, खूब गदगद हुए सीएम सम्राट चौधरी, दिया बड़ा संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात को सुनने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के माध्यम से इसकी तारीफ करते हुए बड़ी अहम बातें कही हैं.

Samrat Chaudhary on Mann Ki Baat- फोटो : news4nation

Mann Ki Baat : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को मन की बात के 134वें कार्यक्रम में देशवासियों के साथ अपने मन की बात साझा की। इस दौरान उन्होंने हाल के समय की अपनी यात्राओं सहित देश में इस समय गर्मी के असर और मौसमी फलों से जुड़े विशेष जिक्र किये। यहां तक कि उन्होंने अपने मन की बात में बिहार को लेकर भी अहम बातें कही जिसके बाद राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के माध्यम से बड़ी बात कही। मन की बात सुनते हुए तस्वीर पोस्ट करते हुए सीएम सम्राट ने लिखा- 'माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय संवाद कार्यक्रम #MannKiBaat को "लोकसेवक आवास" में श्रवण किया। आज आदरणीय मोदी जी ने बिहार के जर्दालू आम, Men's 100 meter Race में national record, चोला काल की प्राचीन ताम्र पट्टिकाएं समेत अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरण किया।' 


दरअसल, पीएम मोदी ने मन की बात के दौरान एथलीट गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर से बात की। उन्होंने राष्ट्रीय 100 मीटर रेस में तीन बार नेशनल रिकॉर्ड तोड़ा है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही झारखंड के रांची में हुए सीनियर एथलेटिक्स कॉम्पटीशन में करीब 800 एथलीट्स ने हिस्सा लिया। इसमें कुल मिलाकर चार राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटे। पीएम ने कहा कि वह इन सभी एथलीट्स को इसके लिए बधाई देना चाहते हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री ने दोनों एथलीट्स से बात की और उनकी जर्नी के बारे में जाना।


आमों की तमाम किस्मों की दी जानकारी

प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में देश में पैदा होने वाली तमाम आम की किस्मों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "साथियों, गर्मी आते ही एक और चर्चा घर में शुरू हो जाती है और वह है आम की। आम, चर्चा का विषय होता ह। भारत में शायद ही कोई ऐसा घर होगा, जहां गर्मियों में आम की बात न होती हो। हर इलाके में अपना आम और उसका अपना स्वाद होता है। अपनी खुशबू होती है। महाराष्ट्र के कोंकण में हापुस, अलफांसो, गुजरात का केसर, यह तो आमरस की जान है। उत्तर प्रदेश का दशहरी और मेरी काशी का लंगड़ा। वैसे, लंगडा आम की खास बात यह होती है कि वह पकने के बाद भी हरे रंग का ही रहता है। बिहार का जर्दालू जिसकी खुशबू दूर से पहचान में जा जाती है। चौसा और मालदा हर नाम के साथ लोगों की यादें जुड़ी हुई हैं।


उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत जाइए, तो बंगनपल्ली, तोतापुरी, नीलम, मलगोवा, बंगाल का हिमसागर, ओडिशा और आंध्र प्रदेश का सुवर्णरखा। यानी, जगह बदलती है, आम का रूप-रंग और उसका स्वाद भी बदल जाता है। साथियो आम की ये यात्रा, अब गांव से, ग्लोबल मार्केट तक भी पहुंच रही है | आज 'मन की बात' के माध्यम से मैं आम की पैदावार से जुड़े अपने किसान भाई-बहनों की प्रशंसा करूंगा | आप देश की कृषि अर्थव्यवस्था के लिए आम किसान नहीं बहुत विशेष हैं। ऐसे ही छाए रहिए।


पानी पीने की अपील 

पीएम मोदी ने देश में पड़ रही गर्मी को देखते हुए एक बार फिर से अपनी अपील को दोहराया। उन्होंने कहा कि मेरे प्यारे देशवासियों, इस समय देश के ज्यादातर हिस्सों में बहुत गर्मी पड़ रही है। तेज धूप, गर्म हवाएं, ऐसे मौसम में अपना ध्यान रखना बहुत जरूरी है। पानी पीते रहिए। धूप में अगर निकलना ही पड़े तो थोड़ा संभल कर निकलें। इस दिशा में सरकार के भिन्न-भिन्न विभाग ने जो गाइडलाइंस जारी की है वो भी भूलियेगा नहीं।


पीएम मोदी ने अपने मन की बात में देश का कई मुद्दों और हालिया यात्राओं के संस्मरणों का जिक्र किया। इसमें तमिलनाडु में संचालित एक हिंदू विद्यालय के खास अनुभव सहित नीदरलैंड्स ने लौटाईं चोला काल की ताम्र पट्टिकाओं को लेकर उन्होंने मन की बात में देशवासियों को अहम जनकारी दी।