पटना में दीवार निर्माण के विवाद में चली गोली, युवक घायल, पटना एम्स में भर्ती
पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र के अजवां विशुनचक गांव में जमीन की घेराबंदी और बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गोलीबारी की नौबत आ गई।
Bihar Crime News : राजधानी पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र के अजवां विशुनचक गांव में रविवार की सुबह जमीन पर बाउंड्री वॉल (दीवार) निर्माण को लेकर दो पाटीदारों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में एक युवक घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर किया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 9:45 बजे अजवां विशुनचक गांव में जमीन की घेराबंदी और बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गोलीबारी की नौबत आ गई। घटना में चितरंजन कुमार (24 वर्ष), पिता रामेश्वर वर्मा, निवासी अजवां विशुनचक घायल हो गए।
आरोप है कि दूसरे पक्ष के राहुल कुमार (20 वर्ष), पिता रामानुज वर्मा ने विवाद के दौरान फायरिंग की। दोनों पक्ष आपस में गोतिया (पाटीदार) बताए जाते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान कथित तौर पर तीन राउंड फायरिंग की गई। इसी दौरान एक गोली चितरंजन कुमार के सिर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
गोली लगते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल नौबतपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे पटना एम्स रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक की स्थिति खतरे से बाहर है और उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही नौबतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियार और आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन और बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर हुए विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
सुनीत की रिपोर्ट