Bihar weather: बिहार के 33 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी, गरज-चमक के साथ होगी बारिश, इन जिलों के लोग रहे सावधान

Bihar weather: बिहार में मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। कहीं आंधी-तूफान और बारिश से गर्मी से थोड़ी राहत मिल रही है तो कहीं भीषण गर्मी का कहर जारी है। इसी बीच विभाग ने 33 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है....

बिहार में कहीं धूप तो कहीं बारिश- फोटो : social media

Bihar weather:  बिहार के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है तो कई हिस्सों में हल्की बारिश ने लोगों को राहत दी है। राजधानी पटना में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। दिन रात का तापमान एक सामान रह रहा है। भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने दक्षिण बिहार के लोगों के लिए चेतावनी जारी की है। इन जिलों के लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने 33 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 

33 जिलों के लिए अलर्ट जारी 

मौसम विभाग ने उत्तर बिहार के साथ ही दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, छपरा, सीवान और वैशाली जैसे दक्षिण बिहार के जिलों में तेज गर्मी के साथ-साथ बिजली गिरने और आंधी-तूफान का खतरा बना हुआ है।

भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल 

बता दें कि, मंगलवार को पछुआ हवाओं के प्रभाव से राज्य में आर्द्रता की मात्रा में कुछ गिरावट दर्ज की गई, जिससे उमस भरी गर्मी से आंशिक राहत मिली। हालांकि, अगले तीन से चार दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है।इस बीच मंगलवार को गोपालगंज में हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई। राज्य भर में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई, जबकि अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। 

42 डिग्री पहुंचा तापमान 

किशनगंज में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे कम रहा, जबकि डेहरी में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया में 41.7 डिग्री और बक्सर में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के 25 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी देखी गई। सबसे अधिक वर्षा मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में 59 मिलीमीटर दर्ज की गई। मुजफ्फरपुर में 18.2 मिमी, पूर्वी चंपारण में 16.5 मिमी, अररिया में 13.3 मिमी, जबकि किशनगंज और समस्तीपुर में 10.8 मिमी बारिश हुई। अन्य क्षेत्रों में 0.2 से 5.4 मिमी के बीच वर्षा दर्ज की गई।