Bihar Weather: बिहार से ठंड की विदाई, बीच फरवरी में ही तापमान 30 डिग्री पार, अभी और बढ़ेगा तापमान, जानें मौसम विभाग का हैरान कर देने वाला अपडेट

Bihar Weather: बिहार में फरवरी के बीच में ही गर्मी सामान्य से अधिक पड़ रही है। कई जिलों का तामान 30 डिग्री पार कर चुका है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए चेतावनी जारी किया है।

ठंड की विदाई
Cold departs from Bihar- फोटो : social media

Bihar Weather: बिहार में मौसम तेजी से बदल रहा है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के सभी जिलों में दोपहर के समय गर्मी का असर ज्यादा रहेगा और यह स्थिति आगे भी बनी रह सकती है। मार्च आते-आते गर्मी और बढ़ने की उम्मीद है।मौसम विभाग ने बताया है कि 16 फरवरी से राज्य में न्यूनतम तापमान में क्रमिक वृद्धि होगी, जिससे ठंड में कमी आएगी। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

समस्तीपुर रहा सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों में, समस्तीपुर जिले के पूसा में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं, फरवरी के मध्य में ही गर्मी ने दस्तक दे दी है और तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। औरंगाबाद में सबसे अधिक तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि गया, बक्सर और डेहरी में भी तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा।

गर्मी करेगा परेशान 

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि फरवरी में इतने अधिक तापमान का होना असामान्य है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार गर्मी अधिक तीव्र हो सकती है। पिछले दिनों राज्य के कई जिलों में 7 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछुआ हवा चली, जिससे शाम के समय ठंडक महसूस की गई, हालांकि शीतलहर जैसे हालात नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 16 से 19 फरवरी के बीच राज्य में मौसम साफ और शुष्क रहेगा, और अधिकतम तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

फरवरी अंत तक ठंड की विदाई तय

फरवरी के अंत के साथ ही ठंड से भी विदाई होने की उम्मीद है। फरवरी के दूसरे सप्ताह में ही बिहार के कई जिलों में दोपहर के समय काफी गर्मी महसूस की जा रही है। औरंगाबाद में शुक्रवार और शनिवार को अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पटना में 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

30 डिग्री के पार पहुंचा तापमान

बेगूसराय में बसंत पंचमी के बाद से ही तापमान में वृद्धि देखने को मिल रही है। शुक्रवार और शनिवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया, जिससे धूप में त्वचा में जलन महसूस हो रही है। बदलते मौसम का सबसे अधिक असर बच्चों पर पड़ रहा है, क्योंकि वे अधिक समय बाहर गर्मी में बिताते हैं और पानी का अधिक सेवन करने से सर्दी-खांसी व बुखार की शिकायतें बढ़ रही हैं।

Editor's Picks