Bihar Weather: बिहार का मौसम हुआ सुहाना, आज 38 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, मानसून का दिखेगा विकराल रुप

Bihar Weather: बिहार के 38 जिलों के लिए मौसम विभाग ने भारी चेतावनी जारी की है। मानसून अब विकराल रुप दिखलाएगा। मौसम विभाग ने लोगों से घर में रहने की अपील की है।

38 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी- फोटो : social media

Bihar Weather:  सावन में एक बार मानसून सक्रिय हो गया है। मंगलवार को पूरे बिहार में बारिश का दौर जारी रहा। सुबह से ही सुहाना मौसम रहा। रात में भी बारिश का दौर जारी रहा। वहीं बुधवार को सुबह से ही मौसम सुहाना है। कई जिलों में अब भी बारिश हो रही है। वहीं पटना में बादलों का डेरा है। मौसम विभाग ने आज 38 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।  

मानसून का विकराल रुप 

वहीं अब बिहार में मानसून का विकराल रूप सामने आने लगा है। 15 जुलाई को पटना समेत प्रदेश भर में हुई बारिश महज एक ट्रेलर थी। असली कहर बुधवार को बरपने वाला है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज पूरे बिहार में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है। इस सीजन में पहली बार बिहार में इतनी तेज और मूसलधार बारिश देखने को मिल रही है। नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। 

38 जिलों में भारी बारिश की आशंका

IMD के मुताबिक, आज रोहतास और भभुआ जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। जबकि बक्सर, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई और बांका में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण समेत पटना, गया, पूर्णिया सहित सभी 33 अन्य जिलों में भी बारिश होने की संभावना है।

आकाशीय बिजली का ऑरेंज अलर्ट

भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में आज आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विशेष रूप से खेतों में काम कर रहे किसानों को मौसम खराब होते ही तुरंत पक्के मकानों में शरण लेने की सलाह दी गई है।

 बाढ़ का खतरा बढ़ा

लगातार हो रही बारिश से बिहार और आसपास के राज्यों की नदियां उफान पर हैं। गंगा, कोसी, कमला और गंडक सहित कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पटना के गांधी घाट पर गंगा नदी वॉर्निंग लेवल को पार कर चुकी है, जबकि मुंगेर में यह खतरे के निशान से सिर्फ 2 मीटर नीचे है। नदियों की रफ्तार अब डराने लगी है और बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। मानसून अब राहत के बजाय विनाशकारी आपदा की आहट लेकर आया है। मौसम विभाग ने लोगों को अपने घरों में रहने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने और बेवजह बाहर न निकलने की सलाह दी है।

ट्रफ लाइन बिहार से होकर गुजर रही

बारिश में इतनी बढ़ोतरी का मुख्य कारण यह है कि इस समय मानसून ट्रफ लाइन बिहार के ऊपर से गुजर रही है। झारखंड और दक्षिण बिहार के पास बना निम्न दबाव क्षेत्र नमी की मात्रा बढ़ा रहा है, जिससे बादल तेजी से बन रहे हैं और मूसलधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधान रहने और आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।