Bihar Weather: महाशिवरात्रि के दिन कैसा रहेगा आज के मौसम का हाल, होगी बारिश या धूप करेगा परेशान, जानिए IMD का ताजा अपडेट

Bihar Weather: महाशिवरात्रि के दिन बिहार में मौसम कैसा रहेगा। मौसम को लेकर आईएमडी ने ताजा अपडेट क्या जारी किया है आइए जानते हैं...

बारिश
temperature increasing- फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather:  बिहार में पिछले कुछ दिनों के मौसम में अचानक बदलाव देखा गया है। फरवरी के महीने में ही गर्मी महसूस होने लगी है। कई जिलों का अधिकत्तम तापमान 30  डिग्री सेल्सियस से भी अधिक हो गया है। ठंड अब पूरी तरह विदा होने ही वाली है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। इस बदलते मौसम के कारण अब फिर से टी-शर्ट पहनने का समय आ गया है।

हल्की बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय हैं, लेकिन इतने प्रभावी नहीं कि बिहार के तापमान में बड़ी गिरावट ला सकें। हालांकि, हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है, लेकिन फिलहाल बारिश नहीं हो रही है। धूप भी तेज हो गई है, जिससे लोगों को चुभन महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने 28 फरवरी और 1 मार्च को हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है, हालांकि यह बूंदाबांदी तक ही सीमित रहेगी। तब तक दिन और रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। वर्तमान मौसम को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि होली तक लू भी चल सकती है।

26 फरवरी का मौसम पूर्वानुमान

आज यानी 26 फरवरी को बिहार का मौसम शुष्क बना रहेगा। दिनभर तेज धूप देखने को मिलेगी, हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हल्की गति से पछुआ हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

किन जिलों में हो सकती है बारिश?

28 फरवरी और 1 मार्च के दौरान बिहार के कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई, बांका और भागलपुर जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, फिलहाल कोई विशेष मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

तापमान के आंकड़े

25 फरवरी को बिहार के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखा गया। इस दिन राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस खगड़िया में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस बांका और अगवानपुर में दर्ज हुआ। वहीं, खगड़िया में ही 18.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

Editor's Picks