Bihar Weather: बिहार में अगले 5 दिनों तक पड़ेगी हाड़ कंपा देने वाली ठंड ! 22 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट, मौसम विभाग की सख्त चेतावनी

Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए भयंकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों को घर ने बाहर ना निकलने की सलाह दी है।

5 दिनों के लिए अलर्ट जारी - फोटो : social media

Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड से हाल बेहाल है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 5 दिनों में हड़ा कंपा देने वाली ठंड पड़ने वाली है। मौसम विभाग ने लोगों को घरों में रहने की चेतावनी दी है। पछुआ हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रविवार को पटना समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दिनभर कनकनी महसूस की गई। राजधानी पटना में सुबह घने कुहासे के बाद दोपहर में हल्की धूप निकली, लेकिन आधे घंटे में ही बादलों के बीच छिप गई। राज्य के कई इलाकों में 11–15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं।

22 जिलों के लिए कोल्ड-डे 

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के 22 जिलों में कोल्ड-डे और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इन जिलों में दिनभर धूप निकलने की संभावना कम है और न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रह सकता है। नए साल तक ठंड का असर बने रहने की चेतावनी दी गई है। अगले 4–5 दिनों तक कई जिलों में कोल्ड-डे जैसी स्थिति रह सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में 2–3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है।

कड़ाके की ठंड ने बढ़ाई परेशानी 

उत्तर और पूर्वी बिहार में ठंड का असर अधिक देखा जा रहा है। रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, समस्तीपुर, सीवान, सहरसा, सुपौल, दरभंगा और पूर्णिया में कोल्ड-डे रहा। गयाजी में घने कोहरे के कारण दृश्यता मात्र 50 मीटर तक सिमट गई।

फिलहाल राहत नहीं 

रविवार को मुजफ्फरपुर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 13.2 और न्यूनतम 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान राजगीर में 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा, हालांकि वहां अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, हिमालयी क्षेत्रों में जारी बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में सर्द हवाएं आ रही हैं। इससे तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और अगले कुछ दिनों तक ठंड से राहत के आसार कम हैं।