Bihar Weather: दक्षिण बिहार में आज जमकर बरसेंगे बदरा, भारी बारिश से गंगा का जलस्तर बढ़ा, पटना सहित इन जिलों के लोग रहे सावधान
Bihar Weather: बिहार में आज मौसम विभाग ने उत्तर बिहार से ज्यादा दक्षिण बिहार में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं भारी बारिश के कारण गंगा का जलस्तर भी बढ़ गया है...
Bihar Weather: बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम ने करवट ले ली है। बुधवार को राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि मौसम विभाग ने गुरुवार को दक्षिण बिहार में उत्तर की तुलना में अधिक इलाकों में बारिश का अनुमान जताया है। इसके साथ ही बिजली गिरने और ठनका की आशंका भी बनी हुई है।
इन जिलों में हुई बारिश
राजधानी पटना में बुधवार को 1.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम है। जबकि न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान गोपालगंज में 38 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान शेखपुरा में 24.7 डिग्री दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा बारिश रोहतास के तिलहोतू में 48.8 मिमी हुई।
गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ा
पटना में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बीते 48 घंटों में गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर 30 सेंटीमीटर बढ़कर 44.84 मीटर तक पहुंच गया है। हालांकि यह अभी भी खतरे के निशान 48.60 मीटर से करीब 4 मीटर नीचे है। दीघा घाट और हाथीदह में भी जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है।
मौसम के बदलने की वजह
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक दक्षिण झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है जो समुद्र तल से करीब 5.8 किमी तक ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अलावा मानसून की द्रोणिका बीकानेर, बनस्थली, शिवपुरी, सिद्धि, चाईबासा और दीघा होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक जा रही है।
आगे का मौसम अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बिहार के 26 जिलों में गुरुवार को बारिश की संभावना है। इनमें कैमूर, रोहतास, कटिहार और किशनगंज में कई स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। पटना, मुंगेर, भागलपुर समेत कई जिलों में पिछले दो दिनों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। इससे नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है और कई जगह बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। वहीं 4 और 5 जुलाई को कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, अरवल, नवादा, नालंदा, जहानाबाद, जमुई, शेखपुरा और लखीसराय में मध्यम से भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।