Bihar Weather: बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव, आज 26 जिलों में बारिश का अलर्ट, जानिए कैसा रहेगा पटना का मौसम
Bihar Weather: बिहार के मौसम में धीरे धीरे बदलाव देखने को मिल रहा है। मानसून के साथ साथ गर्मी की भी विदाई हो रही है। मौसम विभाग ने आज 26 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट तो जारी किया है लेकिन संभवनाएं कम है..
Bihar Weather: बिहार में अब गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह-शाम हल्की सिरहन महसूस हो रही है। वहीं आज प्रदेश के 26 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। साथ ही 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने बिजली गिरने की आशंका जताते हुए लोगों को खेतों या खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी है।
24 घंटे में नहीं हुई बारिश
पिछले 24 घंटे में राज्य के किसी भी जिले में बारिश दर्ज नहीं की गई है। हालांकि, नेपाल में हो रही लगातार बारिश के कारण उत्तर बिहार की नदियां उफान पर हैं। जिससे कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। कोसी और उसकी सहायक नदियों में जलस्तर बढ़ने से सुपौल के छह प्रखंड प्रभावित हैं। जहां करीब 5 हजार घरों में पानी भर गया है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
वहीं मधुबनी में एक लाख से अधिक आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। नेपाल की सरिसवा नदी में आई बाढ़ ने रक्सौल और आसपास के इलाकों में जलजमाव के हालात पैदा कर दिए हैं। बाढ़ का पानी रामगढ़वा, सुगौली, सेमरा और मोतिहारी तक फैल रहा है मौसम विभाग का कहना है कि मानसूनी प्रभाव कमजोर पड़ने के बावजूद स्थानीय कारणों से थंडरस्टॉर्म एक्टिविटी बनी रह सकती है। इसके चलते बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैंय़ इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तेज हवा और वज्रपात की आशंका वाले इलाकों में खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की संभावना है।
कैसा रहेगा पटना का मौसम
राजधानी पटना में आज बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पटना के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान 31.98 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले कई दिनों से पटना में बारिश नहीं हुई है। लोगों का गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
मानसून विदाई की ओर, गुलाबी ठंड की आहट
बिहार में अब मौसम में बदलाव के संकेत साफ नजर आ रहे हैं। भारी बारिश का दौर खत्म हो चुका है और मानसून अब अपने अंतिम चरण में है। अगले दो-तीन दिनों तक राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी, हालांकि बारिश की तीव्रता बहुत कम रहेगी। सुबह और शाम के समय हल्की सिहरन महसूस होने लगी है। आईएमडी के मुताबिक, 8 अक्टूबर के बाद बिहार के ज्यादातर जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा और तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। आज खगड़िया, मुंगेर, जमुई, भागलपुर और बांका में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा।