Bihar Weather: बिहार में इस दिन से पड़ेगी कड़ाके की ठंड, पछुआ हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, निकाल लीजिए स्वेटर-रजाई

Bihar Weather: पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी का असर अब बिहार के मौसम पर साफ दिखाई देने लगा है। पछुआ हवाओं के तेज बहाव से राज्य के अधिकांश इलाकों में सुबह और शाम के समय ठंड महसूस की जा रही है।

पछुआ हवाओं ने बढ़ाई ठंड - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather:  बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पहाड़ों की बर्फबारी से प्रदेश में सर्दी बढ़ गई है। पछुआ हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। सुबह और शाम के तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। शनिवार को पटना का न्यूनतम तापमान गिरकर 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब पाँच डिग्री कम है। पिछले साल 8 नवंबर को पटना का न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस था, जबकि पूरे नवंबर में सबसे कम तापमान 24 नवंबर को 15.3 डिग्री दर्ज हुआ था।

पछुआ हवाओं ने बढ़ाई कपकपी 

मौसम विभाग की मानें तो इस साल पछुआ हवाएं सामान्य से पहले, यानी नवंबर के दूसरे सप्ताह में ही सक्रिय हो गई हैं। इन शुष्क हवाओं के कारण प्रदेश में ठंड का असर तेज़ी से बढ़ रहा है। वैज्ञानिकों का कहना है कि नवंबर की शुरुआत में हुई हल्की बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी ने मैदानी इलाकों के तापमान में गिरावट ला दी है, जिससे सर्दी की दस्तक पहले ही हो गई है।

तीन से चार दिन तापमान रहेगा शुष्क

अगले तीन से चार दिनों तक मौसम सामान्य और शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, राज्य के कुछ इलाकों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट जारी रहेगी।

आने वाले दिनों पड़ेगी कड़ाके की ठंड 

मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। सुबह के समय धुंध और कुहासा बढ़ने से दृश्यता प्रभावित हो सकती है। लोगों को सुबह और रात के समय गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है, क्योंकि पछुआ हवाओं का प्रभाव फिलहाल जारी रहेगा।