Bihar Weather: बिहार में मौसम का बड़ा यू-टर्न! मॉनसून से पहले पटना, मुंगेर समेत 17 जिलों में होगी झमाझम बारिश ,भारी बारिश के आगे हवा हुई हीटवेव की हेकड़ी
Bihar Weather: भीषण गर्मी, चिपचिपी उमस और तेज धूप से परेशान बिहारवासियों के लिए राहत की खबर है। भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के मौसम को लेकर नया अलर्ट जारी किया है।
Bihar Weather: भीषण गर्मी, चिपचिपी उमस और तेज धूप से परेशान बिहारवासियों के लिए राहत की खबर है। भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के मौसम को लेकर नया अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में बिहार के कई जिलों में मौसम का मिज़ाज बदलने वाला है। कहीं तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है तो कहीं तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक 7 जून को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है उनमें पटना, गया, बक्सर, सिवान, सारण, नालंदा, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर और लखीसराय शामिल हैं। प्रशासन को भी सतर्क रहने और लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।राजधानी पटना में शनिवार से ही मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी थी। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे सूरज की तपिश कुछ कम महसूस हुई। शाम होते-होते मौसम ने अचानक रुख बदला और करीब साढ़े सात बजे तेज हवाएं चलनी शुरू हो गईं। इसके बाद झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हुआ जो देर रात तक जारी रहा। बारिश और ठंडी हवाओं ने गर्मी से बेहाल लोगों को बड़ी राहत पहुंचाई।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो से तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। वहीं अगले तीन से चार दिनों तक न्यूनतम तापमान भी लगभग स्थिर रहने का अनुमान है। हालांकि इस दौरान बादल, बारिश और तेज हवाओं का असर लगातार बना रहेगा।मौसम विभाग का कहना है कि कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश भी हो सकती है। ऐसे में किसानों, खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे या खुले मैदान में खड़े रहने से बचने की अपील की गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियां अब तेज हो रही हैं, जिसके कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंधी और बारिश की घटनाएं बढ़ रही हैं। हालांकि कुछ इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है, लेकिन व्यापक स्तर पर बादलों और वर्षा की वजह से गर्मी का असर कम होने की उम्मीद है।
इस बीच मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसानों, यात्रियों और आम नागरिकों को मौसम संबंधी ताज़ा अपडेट पर नज़र रखने की सलाह दी गई है। फिलहाल बिहार में मौसम राहत और सतर्कता, दोनों का संदेश लेकर आया है।