Bihar Weather Alert: बिहार के 23 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी, 28 जुलाई तक IMD का अलर्ट

बिहार में मौसम विभाग ने 23 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। सीमांचल और उत्तर बिहार के जिलों में भारी बारिश के साथ 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं 28 जुलाई को पटना समेत मध्य बिहार में भी अच्छी बारिश का अनुमान है।

बिहार के 23 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी- फोटो : Reporter

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बिहार के कई जिलों में 25 से 28 जुलाई के बीच मुसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात (ठनका) की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अलर्ट वाले जिलों के लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।


उत्तर और पूर्वी बिहार में आज भारी बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने आज राज्य के 23 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें से सीमांचल और उत्तर बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी और मधुबनी जैसे जिलों में भयंकर बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अंदेशा है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, भागलपुर और मुंगेर समेत अन्य इलाकों में भी मध्यम से तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।


28 जुलाई को पटना और मध्य बिहार में भी बदलेगा मौसम

IMD के अनुसार, 28 जुलाई को बारिश का दायरा राज्य के मध्य और पश्चिमी इलाकों तक फैल जाएगा। इस दिन राजधानी पटना, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, सारण, वैशाली और सीवान समेत कई अन्य जिलों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आकाशीय बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास बिल्कुल खड़े न हों।


राज्य में ठनका गिरने से 3 लोगों की मौत, कई हिस्सों में हुई झमाझम बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान पटना, पूर्णिया, बेगूसराय, खगड़िया, मधेपुरा, सहरसा और जहानाबाद सहित कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, इस दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दुखद हादसे भी हुए, जिनमें भोजपुर में दो और समस्तीपुर में एक व्यक्ति की जान चली गई। मौसम विभाग ने लगातार बदल रहे मौसम को देखते हुए अतिरिक्त एहतियात बरतने को कहा है।


बारिश के बावजूद बिहार में सामान्य से 37% कम वर्षा, खेती पर असर

हालिया बारिश के बावजूद राज्य में इस सीजन मानसून का प्रदर्शन अब तक कमजोर रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, बिहार में इस अवधि तक 414.4 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 216.6 मिमी बारिश ही दर्ज की गई है। सामान्य से 37 प्रतिशत कम बारिश होने के कारण राज्य में खेती-किसानी पर बुरा असर पड़ रहा है और किसान धान की रोपनी के लिए अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।