Bihar Weather: दिन में तपिश, शाम को तूफान! बिहार में अचानक बदलेगा मौसम, मूसलाधार बारिश,आंधी-बवंडर और बिजली गिरने का ऑरेंज-यलो अलर्ट, 33 जिलों में हाई अलर्ट जारी, पटना को भी तूफान का खतरा

Bihar Weather: पूरे बिहार में तेज आंधी, बवंडर, मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के 33 जिलों में अलर्ट जारी करते हुए लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है।

33 जिलों में हाई अलर्ट जारी- फोटो : X

Bihar Weather: भीषण गर्मी से तप रहे बिहार में अब मौसम ने अचानक खौफनाक करवट ले ली है। अरब सागर में बन रहे साइक्लोनिक सिस्टम और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी ने मौसम विभाग की टेंशन बढ़ा दी है। इसी के चलते पूरे बिहार में तेज आंधी, बवंडर, मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के 33 जिलों में अलर्ट जारी करते हुए लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है।

मौसम विभाग के मुताबिक 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। पटना, गया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, दरभंगा, समस्तीपुर और भागलपुर समेत कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ बारिश और आसमानी बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

राजधानी पटना में आज दिनभर बादल छाए रहने के आसार हैं। कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है। तेज हवाओं के चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। हालांकि पूरवा हवा चलने के कारण उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तेज गर्मी की वजह से वातावरण में अस्थिरता बढ़ गई है। दिनभर की झुलसाने वाली गर्मी के बाद शाम होते ही तेजी से बादल बन रहे हैं, जिसकी वजह से अचानक आंधी और बारिश का दौर शुरू हो रहा है।

वहीं रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद जैसे दक्षिण-पश्चिमी जिलों में पछुआ हवा के कारण भीषण गर्मी का असर जारी रहेगा। जिन इलाकों में बारिश नहीं होगी, वहां उमस भरी गर्मी लोगों को बेहाल करेगी।मौसम विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि खराब मौसम के दौरान लोग खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसानों को भी खेतों में काम करते वक्त खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज आंधी और बारिश के दौरान घरों में सुरक्षित रहें।