Bihar Weather: बिहार पर मेघों का डबल अटैक, 8 अगस्त तक झमाझम बारिश का अलर्ट, 9 जिलों में भारी से अति भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी
Bihar Weather: मानसूनी टर्फ के बिहार के आसपास सक्रिय रहने और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी वाली पूर्वी हवाओं के कारण पूरे प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी है।
Bihar Weather: बिहार में मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार में है। मानसूनी टर्फ के बिहार के आसपास सक्रिय रहने और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी वाली पूर्वी हवाओं के कारण पूरे प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी है। बिहार मौसम सेवा केंद्र ने अनुमान जताया है कि 8 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुककर बारिश होती रहेगी। इसके साथ ही कई जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और भारी से अति भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान राजधानी पटना समेत सभी जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं बक्सर, गया, रोहतास, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, सीतामढ़ी, अररिया, कटिहार और सिवान में भारी एवं अति भारी वर्षा के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों के लिए भी वज्रपात का विशेष अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। साथ ही अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां लगातार बनी रहेंगी।
लगातार हो रही बारिश से राज्य के कई निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। राजधानी पटना में सावन की रिमझिम फुहारों ने मौसम को सुहाना जरूर बना दिया है, लेकिन कई इलाकों में पानी भरने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। दूसरी ओर राहत की बात यह है कि भीषण गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली है।
हालांकि, लगातार बारिश के बावजूद इस मानसून सीजन में बिहार में अब तक सामान्य से 38 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। यानी मौजूदा बारिश के बावजूद राज्य अभी भी वर्षा के मामले में सामान्य स्तर से पीछे चल रहा है।
उधर, नेपाल से निकलने वाली नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ने लगा है, जिससे सीमावर्ती जिलों में बाढ़ का खतरा गहरा गया है। अररिया जिले के कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है। पलासी प्रखंड के वार्ड संख्या-3 में लोगों के घर जलमग्न हो गए हैं, जबकि गांव को जोड़ने वाला इकलौता चचरी पुल भी पानी में डूब चुका है। प्रशासन ने कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
बिहार मौसम सेवा केंद्र ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और वज्रपात की आशंका के दौरान बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें। खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।