Bihar Weather: बिहार में अगले 24 घंटे में बदल जाएगा मौसम, इन जिलों में तेज आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट, मौसम विभाग की चेतावनी
Bihar Weather: बिहार में अगले 24 घंटे में मौसम का मिजाज बदल जाएगा। 5 अप्रैल से कई जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
Bihar Weather: बिहार में इन दिनों मौसम लगातार करवट ले रहा है। सुबह से ही साफ आसमान और तेज धूप के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को गर्मी ने इस सीजन का सबसे तीखा रूप दिखाया, जब दोपहर तक गर्म हवाओं और लू जैसे हालात ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। तेज गर्म हवाएं लोगों को भीषण गर्मी का एहसास दिला रहे हैं। वहीं मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटे में पूरे बिहार का मौसम बदल जाएगा। तेज धूप से राहत मिलेगी और तापमान में भी गिरावट होगी।
39 डिग्री पहुंचा पटना का तापमान
वहीं शुक्रवार की बात करें तो प्रदेश में इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रोहतास जिले के डेहरी में दर्ज किया गया। इसके अलावा कैमूर में 39.5°C, गया में 39.8°C, पटना में 39.4°C और नालंदा में 39.2°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। औरंगाबाद में 39°C, बक्सर में 38.6°C और सीवान के जिरादेई में 38.4°C तापमान दर्ज हुआ, जिससे साफ है कि प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी अपने चरम पर रही।
शुक्रवार शाम को कई जिलों में बारिश
हालांकि, शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली। दक्षिण बिहार के कई जिलों में तेज आंधी चली और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हुई। गया में मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया, जबकि जहानाबाद, नवादा और औरंगाबाद समेत आसपास के जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू रहा। दोपहर करीब 3 बजे से बदला मौसम का मिजाज रात 9 बजे तक बना रहा।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्यवासियों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। 4 और 5 अप्रैल को तेज धूप और गर्म हवाएं जारी रहेंगी। 5 अप्रैल को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, अरवल और औरंगाबाद के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। 6 अप्रैल से मौसम और बिगड़ने की संभावना है। पूर्वी बिहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश 26 जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, अरवल और औरंगाबाद में ओलावृष्टि के भी आसार हैं।
पटना में इस दिन होगी बारिश
7 अप्रैल को पटना, गया, भागलपुर और बक्सर समेत दक्षिण बिहार के अधिकांश जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं, उत्तर बिहार में भी आंधी-बारिश का असर देखने को मिलेगा। कुल मिलाकर मौसम विभाग की मानें तो, अगले दो-तीन दिनों तक राज्यभर में आंधी और बारिश का दौर जारी रहेगा। जिसका असर 9 अप्रैल तक देखने को मिल सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
किसानों के लिए विशेष सलाह जारी
5 से 10 अप्रैल के बीच खराब मौसम को देखते हुए किसानों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है। कृषि कार्य करने से पहले मौसम के सामान्य होने का इंतजार करने की सलाह दी गई है। साथ ही, आंधी-तूफान के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने, पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने और उन्हें स्वच्छ पानी पिलाने की हिदायत दी गई है।