Bihar weather: बिहार में लोग रहें सावधान! तेज हवाओं के बीच हीट वेव चेतावनी, बस टाइमिंग बदली
Bihar weather:बिहार में मौसम का मिजाज बदल गया है। इस दौरान राज्य के कई जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। गर्मी के कारण दोपहर में बस सेवा कम की जाएगी।
Bihar weather: बिहार में मौसम एक बार फिर बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कई इलाकों में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। किशनगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और गोपालगंज में कुछ जगहों पर तेज हवा के साथ बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 12 घंटों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है और बिजली गिरने का खतरा भी बताया गया है। इसके साथ ही सीतामढ़ी और शिवहर समेत पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में ओले गिरने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दूसरी तरफ राज्य में बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए परिवहन विभाग ने एक अहम फैसला लिया है। अब आने वाले दिनों में दोपहर के समय बसों की संख्या कम की जाएगी। सुबह 11 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक बहुत कम बसें चलाई जाएंगी, ताकि यात्रियों और ड्राइवरों को तेज धूप और गर्मी से बचाया जा सके। जरूरत पड़ने पर ही सीमित बसों को चलाने की अनुमति होगी।
परिवहन विभाग का बड़ा फैसला
विभाग ने यह भी तय किया है कि सभी बसों में पीने का पानी, ओआरएस और प्राथमिक उपचार की किट रखना जरूरी होगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके। इसके अलावा सभी बस स्टैंड पर पानी और पंखों की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है, जिससे यात्रियों और ड्राइवरों को गर्मी से राहत मिल सके।