Bihar Weather: बिहार में अब आसमान से बरसेगी आग! 40°C के पार जाएगा तापमान, जानिए कब से शुरू हो रहे हैं 'लू' के थपेड़े

Bihar Weather: जानकारी के मुताबिक फरवरी के आखिरी दिन शनिवार को पटना के तापमान में अचानक उछाल दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 4 डिग्री बढ़कर 32.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है।

गर्मी से बढ़ेगी परेशानी - फोटो : AI Image

Bihar Weather:  बिहार में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। फरवरी माह में ही गर्मी ने दस्तक दे दी थी। वहीं आज फरवरी गुजरते-गुजरते गर्मी ने अपना असर दिखाना भी शुरु कर दिया है। दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। राजधानी पटना समेत लगभग पूरे राज्य में तेज धूप और चुभती गर्मी महसूस की जा रही है। मार्च की शुरुआत भी कड़ी धूप के साथ हुई है और दोपहर होते-होते लोगों को पसीना आने लगा है। आसमान साफ रहने से सूरज की तपिश और अधिक तीखी महसूस हो रही है।

होली के बाद गर्मी का टॉर्चर

मौसम विभाग के अनुसार होली तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव संभव है, लेकिन होली के बाद अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में दिन का पारा 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे गर्मी का असर और तेज हो जाएगा।

पटना में टूटा फरवरी का रिकॉर्ड

जानकारी के मुताबिक फरवरी के आखिरी दिन शनिवार को पटना के तापमान में अचानक उछाल दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 4 डिग्री बढ़कर 32.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। पिछले दो वर्षों की तुलना में भी इस बार फरवरी ज्यादा गर्म रही। वर्ष 2025 में 21 फरवरी को अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि 2024 में 20 फरवरी को यह 30.1 डिग्री सेल्सियस रहा था। इस तरह इस साल फरवरी के अंत तक तापमान ने पिछले दोनों वर्षों के आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है।

कैमूर रहा सबसे गर्म

फरवरी में गर्मी के मामले में बिहार का कैमूर जिला सबसे आगे रहा। पूरे महीने अधिकतर दिनों में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान यहीं दर्ज किया गया। महीने के अंतिम दिन कैमूर का पारा 34.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो फरवरी में राज्य का सबसे ऊंचा तापमान रहा। वहीं ठंड के लिहाज से 2 फरवरी को सबौर में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पूरे महीने का सबसे कम तापमान था। खास बात यह रही कि पूरे फरवरी महीने में राज्य में कहीं भी बारिश नहीं हुई। इससे मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा और तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला।

मार्च में जारी रहेगी तपिश

मार्च 2026 में बिहार के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। राहत की बात यह है कि इस महीने हीट वेव चलने की संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि बारिश के आसार बेहद कम हैं, जिससे गर्मी का प्रभाव लगातार बना रह सकता है।