Bihar Weather: बिहार में इस दिन से पड़ेगी हाड़ कंपा देने वाली ठंड, मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट, सावधान रहे...

Bihar Weather: बिहार में ठंड का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग लगातार लोगों को सर्तक रहने की सलाह दे रहा है। मौसम विभाग की मानें तो 20 दिसंबर से हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ने वाली है। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की आवश्कता है।

हाड़ कंपा देने वाली ठंड के लिए रहे तैयार - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: साल का आखिरी महीना है। दिसंबर शुरु होते ही मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। धीरे धीरे धूप में नरमी आने लगी है। वहीं सुबह और शाम की ठिठुरन भी बढ़ने लगी है। कई जिलों में घने कोहरे का साया है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कुछ दिनों में मौसम शुष्क रहेगा लेकिन 20 दिसंबर से प्रदेश भर में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ेगी। हालांकि अब भी ग्रामीण इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। 

घने कोहरे का अलर्ट 

मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार को पटना, बेगूसराय, किशनगंज, बेतिया, बगहा, गोपालगंज समेत 10 से अधिक जिलों में कोहरा छाया रहा। राज्यभर में तापमान में तेजी से उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान गिरने से रातें और अधिक सर्द हो गई हैं। बुधवार को पटना का न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को भी इसमें 2 डिग्री की कमी दर्ज की गई थी। हालांकि अधिकतम तापमान मामूली बढ़त के साथ 25.9 डिग्री रहा। 

8 से 12 डिग्री तक रहेगा तापमान 

राज्य में सबसे कम तापमान भागलपुर के सबौर में 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं कैमूर के अधौरा में न्यूनतम पारा 6.7 डिग्री तक जा पहुंचा, जबकि औरंगाबाद के देव और जमुई के झाझा में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकांश जिलों में न्यूनतम पारा 8 से 12 डिग्री और अधिकतम 24 से 28 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। राज्य में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलने का पूर्वानुमान है।

दो दिनों के लिए इन जिलों में अलर्ट 

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक पटना, पश्चिमी–पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, भागलपुर, मुंगेर, जमुई, बांका, गया, औरंगाबाद, लखीसराय, सासाराम और कैमूर में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा। उत्तर बिहार में विजिबिलिटी सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही है। भागलपुर पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज हुआ। कुल 8 जिलों में न्यूनतम पारा 11 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।

आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी

मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में सर्दी और तेज होगी। दिसंबर के दूसरे व तीसरे सप्ताह में न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट संभव है। कई जिलों में पारा 9 डिग्री से नीचे जा सकता है। तीसरे सप्ताह में तापमान 7 डिग्री या इससे भी कम हो सकता है। महीने के अंतिम सप्ताह में शीतलहर चलने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग की मानें तो इन दिनों पछुआ हवा सक्रिय है, जिससे रात में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। 20 दिसंबर के बाद स्थिति और अधिक ठंडी हो सकती है।