Bihar Weather: बिहार में शीतलहर का अलर्ट जारी, अगले सात दिनों में गिरेगा पारा, मौसम विभाग की सख्त चेतावनी

Bihar Weather: बिहार में आज से कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावनाएं है। मौसम विभाग ने इसको लेकर सख्त चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले 7 दिनों में अभी और ठंड बढ़ेगी।

7 दिनों में और गिरेगा पारा - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार में ठंड का असर तेज़ी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के लिए लगातार शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार 15 दिसंबर से ठंड और तीखी हो सकती है। अगले सात दिनों तक अधिकांश जिलों में रात और सुबह के समय पारा में गिरावट दर्ज की जाएगी, जबकि कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

कोहरे से दृश्यता घटी

घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता घटकर 50 मीटर तक सिमट गई है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। ट्रेनों और उड़ानों के परिचालन पर भी असर पड़ा है। राजधानी पटना में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 151 से 333 के बीच दर्ज किया गया। एयरपोर्ट और वेटनरी मैदान के आसपास की हवा लगातार खराब बनी हुई है।

17 दिसंबर के बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर

बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों में पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, सारण, बक्सर, गया और भागलपुर सहित अधिकांश जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय नए पश्चिमी विक्षोभ का असर 17 दिसंबर के बाद बिहार में दिखेगा। 22 दिसंबर के बाद कड़ाके की ठंड, शीतलहर और ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति बनने की आशंका है।

राज्यभर के तापमान की स्थिति

पिछले 24 घंटे में राज्य का मौसम शुष्क रहा। अधिकतम तापमान 22.1 से 29.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8.0 से 16.2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान मोतिहारी में 29.2 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान किशनगंज में 8.0 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना में रविवार को अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री और न्यूनतम 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।