Bihar weather: बिहार में चक्रवाती तूफान अकवान का असर, 13 जिलों में बारिश-वज्रपात का खौफनाक अलर्ट, मौसम विभाग ने चेताया

Bihar weather: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान अकवान का असर बिहार के मौसम पर दिखाई देने लगा है। ...

13 जिलों में बारिश-वज्रपात का खौफनाक अलर्ट- फोटो : X

Bihar weather: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान अकवान का असर बिहार के मौसम पर दिखाई देने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, पटना के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आज यानी 20 नवंबर से राज्य के कई हिस्सों में मौसम करवट लेगा। पूर्वी और मध्य बिहार में तेज हवा, बादल और बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना तूफान करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा में बढ़ रहा है। इसके 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटवर्ती इलाकों से गुजरने का अनुमान है। तूफान से उठने वाली नमी बिहार के दक्षिणी और पूर्वी जिलों तक पहुंच सकती है, जिससे बारिश तेज होगी।

शुक्रवार को पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, मुंगेर, बांका और भागलपुर में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है। लोगों को खराब मौसम में खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

21 नवंबर के लिए उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी बिहार के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया शामिल हैं। इन इलाकों में बारिश और तेज हवा को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। राज्य में 22 नवंबर तक वर्षा की संभावना है।

राजधानी पटना में सुबह कोहरा छाने के बाद दिन में आसमान साफ रहने का अनुमान है। हालांकि अगले दो दिनों तक बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। बारिश से दिन के तापमान में मामूली गिरावट आएगी, जबकि सुबह और रात में ठंड बढ़ेगी। बीते 24 घंटों में कई जिलों में घना कोहरा रहा और कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। लोग सतर्क रहें।