Bihar weather: बिहार में अर्नब तूफान मचाएगा तांडव, 26 जिलों में अलर्ट, 6 में भारी बारिश का खतरा, अलर्ट जारी

Bihar weather:बिहार में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर अब साफ नजर आने लगा है। प्रदेश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया है और बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है। ...

बिहार में बारिश का सिलसिला शुरू- फोटो : X

Bihar weather:बिहार में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर अब साफ नजर आने लगा है। प्रदेश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया है और बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है। मौसम विभाग ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को राज्य के 26 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें 20 जिलों के लिए येलो अलर्ट और 6 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। खराब मौसम की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और एहतियात बरतने की अपील की गई है।

6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर और बक्सर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है। कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि मौसम बिगड़ने के दौरान बेवजह घर से बाहर निकलने से बचें और स्थानीय प्रशासन की हिदायतों का पालन करें।

राजधानी पटना में भी सुबह से बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया है। बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। ऐसे में खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना जरूरी है।

इन 20 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, पटना, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा और गया में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बारिश और मौसम खराब होने की संभावना है। लोगों को बदलते मौसम पर नजर रखने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था तूफान

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान अर्नब 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यानम के तट को पार कर गया था। उस दौरान हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई, जबकि झोंकों की गति 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी। तट पार करने के बाद तूफान कमजोर हुआ है। इसके अगले 48 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर पड़ने का अनुमान है।

31 अक्टूबर तक बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 और 30 अक्टूबर को बिहार में तूफान का असर ज्यादा दिखाई दे सकता है। राज्य में 31 अक्टूबर तक बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने, बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की जरूरत है।