Bihar Weather: बिहार में आज से चक्रवाती तूफान के असर से आंधी के साथ कड़केगी बिजली , पटना समेत इन जिलों में होगी भारी भारी बारिश, ऑरेंज अलर्ट जारी

Bihar Weather:बिहार में चक्रवाती तूफान के संभावित असर से पहले मौसम के मिजाज में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। ...

चक्रवाती तूफान के असर से आंधी-वज्रपात- फोटो : social Media

Bihar Weather:बिहार में चक्रवाती तूफान के संभावित असर से पहले मौसम के मिजाज में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में बदलाव देखने को मिल रहा है। हालांकि, सुबह और शाम के वक्त गुलाबी ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। दिन में धूप निकलने से गर्मी का असर बरकरार है, जबकि रात के तापमान में गिरावट से मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में राज्य के कई जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात की आशंका जताई है।

रविवार को राज्य के 20 शहरों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि 10 शहरों का न्यूनतम तापमान नीचे आया। रोहतास जिले के डेहरी में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, औरंगाबाद में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। तापमान के इन आंकड़ों से साफ है कि फिलहाल बिहार में दिन और रात के मौसम में अंतर बना हुआ है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान

मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्व मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डिप्रेशन पिछले छह घंटों के दौरान पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पूर्व दिशा की ओर बढ़ा है। इसके रविवार रात तक दक्षिण की ओर बढ़ने और गहन डिप्रेशन  तब्दील होने की संभावना जताई गई थी। इसके बाद इसके धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर मुड़ने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान के अनुसार, यह मौसमी सिस्टम सोमवार तक चक्रवाती तूफान और मंगलवार तक प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके प्रभाव से बिहार समेत आसपास के इलाकों में मौसम की गतिविधियां तेज होने की आशंका है।

27 अक्टूबर से बदल सकता है मौसम

राजधानी पटना में रविवार को मौसम सामान्य बना रहा, लेकिन 27 अक्टूबर से कुछ इलाकों में चक्रवाती हवाओं का असर दिखने की संभावना है। वहीं, 28 अक्टूबर से प्रदेश के मौसम में तेजी से बदलाव के संकेत हैं। मौसमविदों के अनुसार, 29 और 30 अक्टूबर को चक्रवाती तूफान का प्रभाव राज्य के विभिन्न हिस्सों में देखने को मिल सकता है।

इस दौरान अगले तीन से चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। राज्य के ज्यादातर जिलों में तेज हवा, गरज-चमक, वज्रपात और बारिश की गतिविधियां होने का अनुमान है। इससे तापमान में भी बदलाव आ सकता है।

पांच जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को औरंगाबाद, भभुआ, बक्सर, रोहतास और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।आंधी और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की जरूरत है।