Bihar SIM Card News: बिहार में 15 लाख लोगों के बंद हो गए सिम कार्ड, चेक करें-लिस्ट में कहीं आपका नाम भी तो नहीं
Bihar SIM Card News: बिहार में दूसरे लोगों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे सिम कार्ड का मामला सामने आने के बाद बड़ी संख्या में मोबाइल उपभोक्ताओं ने अपने नंबर बंद करवा दिए हैं।
Bihar SIM Card News: बिहार में दूसरे लोगों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे सिम कार्ड का मामला सामने आने के बाद बड़ी संख्या में मोबाइल उपभोक्ताओं ने अपने नंबर बंद करवा दिए हैं। इनमें पटना के करीब 6.70 लाख उपभोक्ता भी शामिल हैं। संचार साथी ऐप के माध्यम से अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की जानकारी मिलने के बाद लोगों ने दूरसंचार विभाग से संपर्क किया और सिम कार्ड बंद कराने के लिए आवेदन दिया। जांच में सामने आया कि कई ऐसे मोबाइल नंबर थे, जो किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर जारी किए गए थे, लेकिन उनका इस्तेमाल कोई और कर रहा था। कई मामलों में वास्तविक सिम धारकों को इसकी जानकारी तक नहीं थी।
दरअसल, साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों की जांच के दौरान ऐसे मोबाइल नंबर सामने आए, जिनका इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति और सिम कार्ड के वास्तविक धारक अलग-अलग थे। ऐसे नंबरों का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में होने की आशंका के बीच दूरसंचार विभाग ने उपभोक्ताओं को अपने नाम पर जारी सिम कार्ड की जानकारी हासिल करने के लिए संचार साथी ऐप की सुविधा उपलब्ध कराई है।
15.69 लाख लोगों के नाम पर मिले दूसरे के इस्तेमाल वाले सिम
आंकड़ों के मुताबिक, बिहार में 33 लाख छह हजार 298 मोबाइल उपभोक्ताओं ने संचार साथी ऐप के माध्यम से अपने नाम पर जारी सिम कार्ड की जानकारी प्राप्त करने के लिए आवेदन किया था। इनमें से करीब 15 लाख 69 हजार उपभोक्ताओं ने पाया कि उनके नाम पर जारी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कोई दूसरा व्यक्ति कर रहा था। इसके बाद संबंधित उपभोक्ताओं ने सिम बंद कराने की प्रक्रिया शुरू की। दूरसंचार विभाग की जांच में भी कई नंबरों के दूसरे व्यक्तियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि हुई।
नौ से अधिक सिम रखने वालों पर भी कार्रवाई
दूरसंचार नियमों के मुताबिक, सामान्य तौर पर एक व्यक्ति अपने नाम पर अधिकतम नौ सिम कार्ड रख सकता है। वर्ष 2024 से अब तक बिहार में सात लाख 33 हजार लोगों ने अपने नाम पर निर्धारित सीमा से अधिक जारी सिम कार्ड बंद करवाए हैं। इसके लिए पहले ऐसे मोबाइल उपभोक्ताओं की पहचान की गई, जिनके नाम पर नौ से अधिक सिम कार्ड जारी थे। इसके बाद दूरसंचार विभाग ने संबंधित टेलीकॉम कंपनियों के माध्यम से उन्हें संदेश भेजकर अतिरिक्त सिम बंद कराने के लिए कहा।
फर्जी सिम इस्तेमाल करने पर 50 लाख तक जुर्माना
किसी दूसरे व्यक्ति की पहचान का गलत इस्तेमाल कर फर्जी तरीके से सिम कार्ड हासिल करने और उसका इस्तेमाल करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो सकती है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, ऐसे मामलों में 50 लाख रुपये तक जुर्माना और तीन साल तक की जेल का प्रावधान बताया गया है। दूरसंचार विभाग ने टेलीकॉम कंपनियों के जरिए ग्राहकों को नियमों और संभावित कार्रवाई के बारे में जानकारी दी है।
अपने नाम पर जारी सिम की ऐसे करें जांच
मोबाइल उपभोक्ताओं को समय-समय पर यह जांच करनी चाहिए कि उनके नाम पर कितने सिम कार्ड जारी हैं और उनका इस्तेमाल कौन कर रहा है। इसके लिए संचार साथी पोर्टल या ऐप की मदद ली जा सकती है। यदि कोई अनजान नंबर आपके नाम पर जारी मिलता है, तो उसकी रिपोर्ट करें और उसे बंद कराने की प्रक्रिया शुरू करें।
यदि आपके नाम पर जारी किसी सिम कार्ड का इस्तेमाल साइबर अपराध में होता है, तो पुलिस या जांच एजेंसियां आपसे पूछताछ कर सकती हैं। इसलिए जिन सिम कार्डों का इस्तेमाल आप नहीं करते, उन्हें बंद कराना और अपनी पहचान से जुड़े दस्तावेजों का दुरुपयोग रोकना बेहद जरूरी है। नया सिम कार्ड लेते समय बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी करें।