Bihar Weather:बिहार में ठंड का खौफनाक वार! 11 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, 4 दिन में गिरेगा पारा

Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज बदल रहा है, 11 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है....

घने कोहरे का अलर्ट - फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Weather: बिहार में सर्दी अब धीरे-धीरे अपने तीखे तेवर दिखाने लगी है। सुबह होते ही कई इलाकों में कोहरे की चादर छाने लगी है और ठंडी हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने 23 नवंबर को सूबे के 11 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। ऐसे में सुबह के वक्त घर से निकलने वाले लोगों को खास तौर पर सावधान रहने की जरूरत है। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो सकती है, जिससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ने की आशंका है।

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। इन जिलों में वाहन चालकों को संभलकर सफर करने की जरूरत है। खासकर राष्ट्रीय राजमार्गों और ग्रामीण सड़कों पर तेज रफ्तार भारी पड़ सकती है। वहीं, बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। कुछ जगहों पर आसमान में हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं।

ठंड को लेकर एक और बड़ी चेतावनी सामने आई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले चार दिनों में बिहार के न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। यानी आने वाले दिनों में रात की ठिठुरन और सुबह की कनकनी लोगों को ज्यादा परेशान करेगी। सुबह चलने वाली सर्द हवाओं ने अभी से गर्म कपड़ों की जरूरत बढ़ा दी है। लोग स्वेटर और शॉल का सहारा लेने लगे हैं।

बीते 24 घंटे में पटना, नालंदा, भागलपुर, कटिहार, लखीसराय और औरंगाबाद में बारिश दर्ज की गई। बेगूसराय में बादलों का डेरा रहा। राजधानी पटना में भी आज हल्के बादल छाए रहने की संभावना है।

मौसम में इस बड़े उलटफेर के पीछे बंगाल की खाड़ी और आसपास सक्रिय मौसमी सिस्टम हैं। उत्तर ओडिशा में बने निम्न दबाव के क्षेत्र से बिहार में नमी पहुंच रही थी। पश्चिमी विक्षोभ ने भी मौसम का मिजाज बदला। इसी वजह से 20 से 22 नवंबर के बीच कई इलाकों में बारिश हुई। हालांकि, अब निम्न दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ रहा है। इसके बाद बारिश की संभावना घटेगी, लेकिन तापमान में गिरावट और कोहरे का प्रकोप बढ़ सकता है। आने वाले चार दिन बिहार में ठंड की दस्तक और तेज होने के संकेत दे रहे हैं।