Bihar Weather: बिहार में कोहरे और कोल्ड वेव का डबल अलर्ट, मौसम विभाग ने 29 दिसंबर तक के लिए जारी किया खतरनाक चेतावनी, बच के रहे

Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। मौसम विभाग ने कोहरे और कोल्ड वेव का डबल अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 29 दिसंबर तक ठंड से राहत ना मिलने की संभवाना जताई है।

29 दिसंबर तक राहत नहीं - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। मौसम विभाग लगातार कोल्ड वेव और घने कोहरे का अलर्ट जारी कर रहा है। धूप नहीं निकलने के कारण दिन में भी ठिठुरन महसूस की जा रही है। बीते एक सप्ताह से राज्य में ‘कोल्ड-डे’ जैसी स्थिति बनी हुई है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने पूरे बिहार के लिए कोल्ड वेव और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग का खतरनाक अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 25 से 29 दिसंबर के बीच कई जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है, जबकि 30 दिसंबर से ठंड से हल्की राहत मिलने के संकेत हैं। बीते 24 घंटे में राज्य का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। गया, बोधगया समेत कई जिले घने कोहरे की चपेट में रहे, जहां दृश्यता घटकर 50 मीटर तक दर्ज की गई। अगले 4–5 दिनों तक तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है।

कोल्ड डे से राहत की उम्मीद नहीं 

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का सीधा असर बिहार पर पड़ रहा है। जब तक हवा की दिशा में बदलाव नहीं होता, तब तक ठंड और कोहरे से राहत मिलना मुश्किल है। 29 दिसंबर तक शीत दिवस की स्थिति बने रहने और न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 4 से 5 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। जिससे द्दश्यता बेहद कम रहेगा। 

फरवरी तक रहेगी ठिठुरन 

वहीं अगले 2–3 दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है, लेकिन न्यूनतम तापमान स्थिर रहने से ठंड से पूरी राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार समुद्र तल से करीब 12.6 किलोमीटर ऊंचाई पर सक्रिय पछुआ जेट स्ट्रीम और पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण बिहार में ठंडी हवाओं का असर बढ़ गया है। ‘ला नीना’ प्रभाव के चलते इस साल ठंड का दौर लंबा खिंचने की संभावना है, जिससे फरवरी तक शीतलहर और ठिठुरन बनी रह सकती है।