Bihar Weather: बिहार में मौसम का 'डबल रोल'! दिन में गर्मी और रात में कंपकपी, कई जिलों में 33°C पहुंचा तापमान, IMD का अलर्ट

Bihar Weather: बिहार में मौसम का डबल रोल देखने को मिल रहा है। दिन में जहां गर्मी से लोगों के पसीने छूटने लगे हैं तो वहीं देर रात में ठंड की कंंपकपी महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने लोगों को ऐसे में सावधान रहने की सलाह दी है।

मौसम का मिजाज बदला - फोटो : AI Image

Bihar Weather:  बिहार में मौसम लगातार बदल रहा है। दिन में गर्मी महसूस हो रही है तो वहीं रात में ठंड। लोगों को जहां दिन में पंखा का सहारा लेना पड़ रहा है तो वहीं रात में कंबल ओढ कर सोना पड़ रहा है। मौसम के इस बदलाव से कई लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। बिहार के कई जिलों का तापमान से 30 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। 

32 डिग्री पहुंचा पारा 

राजधानी समेत राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मोतिहारी में सबसे अधिक 32.5°C तापमान दर्ज किया गया। कुल नौ जिलों में अधिकतम तापमान 30°C से ऊपर रहा, जबकि अन्य जिलों में यह 28 से 33°C के बीच रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक इसे प्री-समर ट्रांजिशन फेज मान रहे हैं, जब सर्दी तेजी से विदा लेती है और गर्मी दस्तक देने लगती है।

दिन-रात के तापमान में 21 डिग्री से अधिक का अंतर

19 फरवरी को राज्य में तापमान में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। दिन का सर्वाधिक तापमान मोतिहारी में 32.5°C रहा, जबकि रात में सबसे कम तापमान किशनगंज में 10.9°C दर्ज किया गया। इस तरह अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच लगभग 21.6°C का अंतर देखने को मिला। राजधानी पटना में दिन का तापमान 29.2°C और रात का 16°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि गया में 29.0°C और 12.4°C दर्ज हुआ। अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 29 से 31°C और रात का तापमान 11 से 16°C के बीच बना रहा। इससे दोपहर में गर्मी और रात में हल्की सर्दी का मिश्रित असर महसूस किया गया।

मार्च की शुरुआत से बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग का अनुमान है कि मार्च के शुरुआती दिनों से गर्मी का प्रभाव और तेज हो सकता है। यदि यही रुझान जारी रहा तो इस बार सामान्य से पहले गर्मी पड़ने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम के पैटर्न में इस तरह के उतार-चढ़ाव अब अधिक सामान्य होते जा रहे हैं।

20 फरवरी को मिलाजुला रहेगा मौसम

आईएमडी की ताजा रिपोर्ट के अनुसार 20 फरवरी को राज्य में मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने की संभावना है। सुबह और देर रात हल्की ठंड बनी रहेगी, जबकि दिन में धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण समेत आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी या मेघगर्जन के साथ वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को बदलते मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।