Bihar Weather: पटना से गया तक पसीने छुड़ाएगी गर्मी ! बिहार में इस दिन से शुरू होगा 'लू' का तांडव, IMD का 'खतरनाक' चेतावनी
Bihar Weather: बिहार में फरवरी में ही गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। कई जिलों में तापमान 31 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। हालांकि सुबह और देर शाम हल्की ठंड का अहसास अब भी हो रहा है।
Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज अब पूरी तरह बदल चुका है। गुरुवार यानी आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी। पछुआ हवाओं के प्रभाव से सुबह और रात के समय हल्की कनकनी बनी हुई है, लेकिन दिन के चढ़ते ही तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। पटना समेत बिहार के अधिकांश हिस्सों में बीते तीन दिनों से मौसम लगभग एक जैसा बना हुआ है। अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच स्थिर है, जबकि सुबह और देर शाम हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड के इस मिश्रित मौसम ने लोगों को असमंजस में डाल दिया है।
पश्चिमी विक्षोम की सक्रियता हुआ कमजोर
मौसम विभाग का कहना है कि यह स्थिति सामान्य से थोड़ी अलग जरूर है, लेकिन असामान्य नहीं। फरवरी महीने में इस तरह का ट्रांजिशन पीरियड अक्सर देखने को मिलता है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कमजोर रहने और हवा की दिशा में बड़े बदलाव नहीं होने से तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं हो रहा है। जब तक कोई नया मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं होता, तब तक मौसम के मिजाज में बड़े बदलाव की संभावना कम है।
कूलर-एसी की जरूरत कब?
तकनीकी मानकों के अनुसार, जब अधिकतम तापमान लगातार 35 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंचता है, तब कूलर या एसी की जरूरत महसूस होने लगती है। फिलहाल तापमान 31 डिग्री के आसपास बना हुआ है, इसलिए विशेषज्ञों का मानना है कि अभी कुछ दिन पंखों से काम चल सकता है। हालांकि यदि अगले सप्ताह तापमान में 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी होती है, तो मार्च के पहले या दूसरे सप्ताह से कूलर और एसी का इस्तेमाल शुरू हो सकता है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हल्की हवाएं चल सकती हैं, लेकिन बारिश या ठंड बढ़ने के संकेत फिलहाल नहीं हैं। घने कोहरे की भी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। ऐसे में लोगों को अभी कुछ दिन तक इसी मिले-जुले मौसम के साथ तालमेल बिठाना होगा।
तापमान का हाल
फरवरी की शुरुआत में राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस किशनगंज में दर्ज किया गया था। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हुई। 11 फरवरी को पहली बार दिन का तापमान 30 डिग्री के पार पहुंचा। 16 फरवरी को कैमूर में 31.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि 17 फरवरी को यहां 31.3 डिग्री दर्ज हुआ। 18 फरवरी को लगातार तीसरे दिन उच्च तापमान 31.8 डिग्री मोतिहारी में दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि कैमूर, गोपालगंज और मोतिहारी जैसे जिलों में इन दिनों अपेक्षाकृत अधिक गर्मी पड़ रही है।