Bihar Weather: रक्षाबंधन पर बिहार में मौसम का डबल अटैक,20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 18 में येलो अलर्ट, वज्रपात का भी खतरा

Bihar Weather: बिहार में रक्षाबंधन के मौके पर मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पूरे प्रदेश में बारिश की प्रबल संभावना जताई है। ...

रक्षाबंधन पर बिहार में मौसम का डबल अटैक- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में रक्षाबंधन के मौके पर मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पूरे प्रदेश में बारिश की प्रबल संभावना जताई है। मानसूनी गतिविधियों के तेज होने के साथ राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने एहतियात के तौर पर बिहार के 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी भारत में मानसून की गतिविधियां इस वक्त काफी सक्रिय हैं। बंगाल की खाड़ी की ओर से आ रही नम हवाओं के कारण बिहार में नमी का असर बढ़ गया है। यही नमी मानसूनी बादलों को मजबूती दे रही है और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का माहौल बन रहा है।जिन जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, उनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, पटना, जहानाबाद, नालंदा, गया, नवादा, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, शेखपुरा और लखीसराय शामिल हैं।इन इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए लोगों को बेवजह घर से बाहर निकलने से बचने और मौसम के मिजाज पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

वहीं बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, खगड़िया, कटिहार, मुंगेर, भागलपुर, जमुई और बांका में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी बारिश और आंधी-तूफान जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं।मौसम विभाग के अनुसार 26 अगस्त से 1 सितंबर तक बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने के आसार हैं। खास तौर पर 29 अगस्त को राज्य के ज्यादातर इलाकों में भारी से मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। बारिश का यह सिलसिला 1 सितंबर तक जारी रह सकता है।

बारिश के साथ कई जगहों पर आकाशीय बिजली यानी वज्रपात गिरने का खतरा भी जताया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से परहेज करने की अपील की है।

राजधानी पटना में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा। 29 से 31 अगस्त के बीच आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुककर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान पटना का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।कुल मिलाकर बिहार में मानसून का दौर अभी थमने वाला नहीं है। अगले कुछ दिनों में बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात का खतरा बना रहेगा, ऐसे में मौसम विभाग और प्रशासन की एडवाइजरी को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।