Bihar Weather: बिहार में मानसून की विदाई के बीच झमाझम बारिश, सुबह से भींग रहा है पटना, 26 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट

Bihar Weather: बिहार से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है, लेकिन जाते-जाते भी मौसम के मिजाज ने सूबे के बड़े हिस्से को तरबतर कर दिया है। ..

Bihar Weather- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Weather: बिहार से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है, लेकिन जाते-जाते भी मौसम के मिजाज ने सूबे के बड़े हिस्से को तरबतर कर दिया है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई इलाकों में गुरुवार सुबह तड़के से ही मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विज्ञान केंद्रने सूबे के 26 जिलों में वज्रपात  और गर्जन के साथ मध्यम से भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।पटना, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई, बांका के लिए मौसम विभाग ने बारिश और  बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है

बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, यह स्थिति मानसून की सामान्य विदाई रेखा  और अन्य क्षेत्रीय मौसमी प्रणालियों के आपस में टकराने के कारण बनी है। वर्तमान में विदाई रेखा बिहार के सुपौल से गुजरते हुए झारखंड के रांची, छत्तीसगढ़ के रायपुर और महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी, परभणी व बारामती तक फैली है।

मध्य और ऊपरी वायुमंडल  में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बना हुआ है। पड़ोसी राज्य झारखंड और उससे सटे इलाकों में ऊपरी हवा का एक मजबूत चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर बंगाल की खाड़ीतक एक विस्तृत ट्रफ रेखा गुजर रही है।इन तीनों प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से बिहार के वायुमंडल में भारी मात्रा में नमी  प्रवेश कर रही है। यही कारण है कि विदाई के चरण में भी प्रदेश में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की जा रही है।

राजधानी पटना की बात करें तो यहाँ तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शहर का अधिकतम तापमान 29−30∘C और न्यूनतम तापमान 24−25∘C के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, बारिश और बादलों का यह दौर 9 अक्टूबर तक जारी रहेगा। 10 अक्टूबर से मानसून की वापसी की रफ्तार तेज होगी, जिससे राज्य में बारिश की गतिविधियों में भारी कमी आएगी और मौसम पूरी तरह से सामान्य और शुष्क होने की दिशा में बढ़ेगा।