Bihar Weather: पटना-सीवान सहित पूरे बिहार में आज होगी झमाझम बारिश, IMD का आंधी और व्रजपात का अलर्ट, बच के रहें...
Bihar Weather: बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। 26 मार्च को जहां भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान किया और तापमान 38°C तक पहुंच गया, वहीं अब रामनवमी के दिन राज्य में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
Bihar Weather: बिहार में गर्मी के कहर के बीच मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज रामनवमी के दिन आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मौसम विभाग की मानें तो 26 मार्च इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। सुबह से ही साफ आसमान और तेज धूप के कारण लोगों को भारी गर्मी का सामना करना पड़ा। राज्य के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ते हुए 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी पटना में भी पारा 35 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया, जबकि गया, कैमूर, रोहतास सहित दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों में तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
पटना में आंधी-बारिश का अलर्ट
हालांकि, देर रात के बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे। किशनगंज में आधी रात के आसपास तेज हवाएं चलीं और बारिश जैसी स्थिति बनी, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव रामनवमी के दिन पूरे बिहार में देखने को मिलेगा। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने रामनवमी के अवसर पर राज्य में तेज आंधी, बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि दक्षिण बिहार के जिलों में येलो अलर्ट लागू किया गया है।
इन जिलों में होगी झमाझम बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी और शिवहर में ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है। वहीं गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी और मुजफ्फरपुर में तेज आंधी के साथ भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में ठनका गिरने का भी खतरा अधिक है। इसके अलावा, कोसी-सीमांचल क्षेत्र समेत पटना, गया, कैमूर और भागलपुर सहित दक्षिण बिहार के जिलों में भी गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम के दौरान तेज हवाएं चलेंगी और आसमान में बादल छाए रहेंगे।
29 मार्च तक बरसेंगे बदरा
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि 28 और 29 मार्च तक आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है। 28 मार्च को पूर्वी बिहार के जिलों—किशनगंज, पूर्णिया, भागलपुर और जमुई—में मौसम सबसे अधिक प्रभावित रहेगा, जहां आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। वहीं 29 मार्च को उत्तर बिहार के कुछ जिलों में ही मौसम खराब रहने का अनुमान है, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क हो सकता है।