Bihar Weather: कोहरे की चादर में लिपटा बिहार,पटना सहित 38 जिलों में 'कोल्ड डे', अभी और बढ़ेगी ठिठुरन, रहे सावधान

Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड जारी है। शुक्रवार की सुबह से ही पूरा बिहार कोहरे की साया में है। मौसम विभाग ने आज पटना सहित बिहार के 38 जिलों के लिए कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।

ठंड से ठिठुरता बिहार - फोटो : social media

Bihar Weather: बिहार में ठंड का कहर जारी है। शुक्रवार की सुबह कोहरे की चादर में लिपटी हुई है। सुबह से ही पटना सहित कई जिलों में घने कोहरे का साया है। पछुआ हवाओं से ठिठुरन और बढ़ रही है। मौसम विभाग ने आज पूरे राज्य के लिए घने कोहरे और कोल्ड-डे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।  राजधानी पटना सहित जहानाबाद, गया और भागलपुर में सुबह से घना कोहरा छाया रहा, जिससे कई इलाकों में दृश्यता 10 से 20 मीटर तक सिमट गई।

अभी और बढ़ेगी ठिठुरन 

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा। राज्य के 10 जिलों में घने कुहासे की चेतावनी जारी की गई है। पिछले 24 घंटों में सहरसा 6.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा जिला रहा। भागलपुर में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री और गया में 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पहाड़ों की बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में जारी बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर बिहार के मैदानी क्षेत्रों में दिख रहा है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली पछुआ हवाओं के कारण तापमान में तेजी से गिरावट आई है। आने वाले दिनों में कई जिलों के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने, खुले में निकलने से बचने और गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है।

पटना का मौसम

पटना में गुरुवार की सुबह तेज ठंडी हवा के साथ हुई। 10 बजे के बाद कुहासा कुछ हद तक छंटा और हल्की धूप निकली, हालांकि इसका असर सीमित रहा। राजधानी का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री और अधिकतम 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह के समय दृश्यता 800 मीटर रही। 27 और 28 दिसंबर को राज्य के कई हिस्सों में घना कोहरा और कोल्ड-डे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। 29 और 30 दिसंबर को पश्चिमी भाग के एक-दो स्थानों पर भी ऐसे हालात रह सकते हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले पांच दिनों तक उत्तर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ इलाकों में घना कुहासा छाया रहेगा।