बिहार के लोग हो जाएं सावधान, अगले सात दिनों तक पड़ेगा बहुत घना कोहरा, आज भीषण शीतलहर के आसार, जानिए अपने जिले का हाल

Bihar Weather: मौसम का मिज़ाज तल्ख़ होता जा रहा है और सुबह-शाम आसमान पर कोहरे की मोटी चादर तनी हुई है।

बिहार में भीषण शीतलहर का अलर्ट- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Weather:  बिहार इन दिनों सर्दी, शबनमी हवाओं और घने कोहरे की गिरफ्त में है। मौसम का मिज़ाज तल्ख़ होता जा रहा है और सुबह-शाम आसमान पर कोहरे की मोटी चादर तनी हुई है। बिहार मौसम सेवा केंद्र ने शनिवार को राज्य के सभी 38 जिलों के लिए कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। बिहार मौसम सेवा केंद्र  के मुताबिक, अगले 5 से 7 दिनों तक बिहार में रात और सुबह के वक्त बहुत घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है, जिससे आम जनजीवन पर सीधा असर पड़ेगा।

 बिहार मौसम सेवा केंद्र  ने आगाह किया है कि 4 और 5 जनवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में भीषण शीतलहर का कहर देखने को मिल सकता है। सर्द हवाओं की तीखी मार से गलन बढ़ेगी और ठंड अपने चरम पर पहुंच सकती है। राजधानी पटना की बात करें तो शहर सुबह से ही घने कोहरे में लिपटा नजर आ रहा है। हवाएं इतनी सर्द हैं कि लोगों की हड्डियां तक कांप रही हैं। पटना में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे के कारण दृश्यता कम रह सकती है, हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम के साफ होने और धूप निकलने की उम्मीद जताई गई है।

राजधानी में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है। 3 जनवरी को भी बिहार के अधिकतर इलाकों में मौसम ठंडा और कोहरे भरा रहने का अनुमान है। कई जिलों में सुबह के वक्त घना कोहरा छा सकता है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में ‘ठंडे दिन’ की स्थिति भी बन सकती है, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे फिसल जाएगा।

मौसम विभाग के अनुसार, सुबह और रात में कोहरे का असर ज्यादा रहेगा, जबकि दिन में हालात कुछ बेहतर हो सकते हैं। न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है। पटना समेत 23 जिलों में यलो अलर्ट जारी है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सतर्कता बरतें, अनावश्यक यात्रा से बचें और ठंड से बचाव के पूरे इंतज़ाम रखें। फिलहाल बिहार को सर्दी और कोहरे से राहत मिलती नहीं दिख रही मौसम का यह सख़्त दौर अभी जारी रहने के आसार हैं।