Bihar Weather: सर्दी के फाइनल स्ट्राइक में बिहार! कहीं कोहरा-कनकनी, तो कहीं गर्मी का झटका, जानें आपका जिला कितना ठंडा होगा
Bihar Weather: बिहार में मौसम एक बार फिर करवट बदलता नजर आ रहा है। कभी ठिठुरन की सर्द हवा, तो कभी धूप की हल्की तपिश राज्य का मौसम इन दिनों आंखमिचौली खेल रहा है।....
Bihar Weather: बिहार में मौसम एक बार फिर करवट बदलता नजर आ रहा है। कभी ठिठुरन की सर्द हवा, तो कभी धूप की हल्की तपिश राज्य का मौसम इन दिनों आंखमिचौली खेल रहा है। तापमान के उतार-चढ़ाव ने लोगों को असमंजस में डाल दिया है। कहीं सुबह-सवेरे घना सा कोहरा और सर्दी का असर परेशान कर रहा है, तो कहीं दोपहर होते-होते मौसम गर्मजोशी दिखाने लगता है।ताजा हालात की बात करें तो पश्चिम चंपारण के इलाकों में दिन के वक्त भी ठंड और कोहरे की पकड़ बनी हुई है। सुबह के समय वहां ठिठुरन साफ महसूस की गई। इसके उलट गोपालगंज में मौसम का मिज़ाज कुछ अलग ही रंग में दिखा। यहां दिन में धूप की तल्खी महसूस हुई और गर्मी ने हल्की-सी दस्तक दे दी।
दरअसल उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व भारत में चल रही सर्द पछुआ हवाओं और हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से बिहार में फिलहाल मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है। अगले दो-तीन दिनों तक मौसम के मिज़ाज में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं दिख रही। आईएमडी के ताजा अपडेट के अनुसार बेतिया, सीवान, सारण, मोतिहारी, गोपालगंज, दरभंगा, वैशाली, पूर्णिया, कटिहार, पटना, गया, नालंदा, बक्सर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। धूप खिली रहेगी और बारिश या किसी तरह की प्राकृतिक आपदा को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि सुबह और रात की ठंड अभी कुछ दिनों तक लोगों को सताती रहेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल दिन और रात के तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। तापमान का यह खेल मामूली उतार-चढ़ाव के साथ जारी रहेगा। राहत की बात यह है कि फिलहाल राज्य के किसी भी जिले के लिए घने कोहरे की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।आज यानी रविवार, 8 फरवरी को बिहार में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है। बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि सुबह के समय मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, वैशाली, समस्तीपुर और आसपास के इलाकों में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। इस वजह से दृश्यता पर थोड़ा असर पड़ सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि रात 8-9 बजे के बाद कुछ जिलों में फिर से कोहरे की हल्की चादर बिछ सकती है।
शनिवार को गोपालगंज में दिन का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे बिहार में सबसे अधिक रहा। वहीं मधुबनी, दरभंगा, सुपौल और किशनगंज जैसे उत्तर बिहार के जिलों में तापमान 22 से 25 डिग्री के बीच बना रहा। रात के तापमान की बात करें तो अधिकांश जिलों में पारा 10 डिग्री से ऊपर रहा, जबकि जीरादेई (सीवान) में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम जानकारों और डॉक्टरों ने बुजुर्गों व बच्चों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी है। बदलते मौसम और सर्द पछुआ हवाओं का सेहत पर असर पड़ सकता है, ऐसे में सुबह जल्दी और देर रात बेवजह बाहर निकलने से परहेज करने में ही भलाई है।