Bihar Weather: फरवरी में ही 'मई' वाली तपन! बिहार में समय से पहले गर्मी का कहर, मौसम के यू-टर्न से हाल बेहाल
Bihar Weather: बिहार में मौसम ने यू-टर्न ले लिया है। फरवरी में ही मई वाली तपन महसूस हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो होली के बाद तापमान 34 से 37 डिग्री तक जा सकता है। यानी अब मार्च ही ही अप्रैल मई वाली गर्मी का एहसास होगा।
Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। अभी फरवरी का महीना खत्म ही हुआ है कि राज्य के कई हिस्सों में चिलचिलाती धूप ने लोगों के पसीने छुड़ाने शुरू कर दिए हैं। आलम यह है कि कैमूर जिला राज्य का सबसे गर्म इलाका बन गया है, जहाँ पारा सामान्य से ऊपर पहुँच चुका है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो यह तो बस शुरुआत है। होली तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहने वाला है, जिससे तापमान में और भी बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। सुबह की हल्की गुलाबी ठंड अब बीते दिनों की बात होने लगी है और दोपहर की तपिश ने मई-जून की याद दिला दी है।
30 डिग्री से ऊपर पहुंचा पारा
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश या कोहरे के कोई आसार नहीं हैं और आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस कैमूर में दर्ज किया गया, जो इस सीजन के लिहाज से सामान्य से अधिक माना जा रहा है। शुक्रवार को पटना में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस साल पहली बार 30 के पार पहुंचा है। साथ ही कई जिलों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे मार्च की शुरुआत से पहले ही गर्मी का अहसास होने लगा है।
रात में हल्की ठंड बरकरार
हालांकि दिन में गर्मी बढ़ी है, लेकिन रात का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस किशनगंज में दर्ज किया गया। पटना में न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री, भागलपुर में 14.3 डिग्री, पूर्णिया में 15.7 डिग्री और कटिहार में 19.6 डिग्री रहा। दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर मौसम के तेजी से बदलाव का संकेत दे रहा है।
होली तक शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का असर फिलहाल कमजोर पड़ गया है, जिससे आसमान साफ है और धूप तेज हो रही है। पूर्वानुमान है कि मार्च के दूसरे सप्ताह तक तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, हालांकि होली से पहले 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी सप्ताह भर राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। बारिश या आंधी की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में साफ है कि सर्दी की विदाई लगभग तय है और इस बार गर्मी सामान्य से पहले दस्तक दे रही है।