Bihar Weather: बिहार से मॉनसून की विदाई शुरू, उमस ने बढ़ाई बेचैनी, इन इलाकों में अगले 5 दिन छिटपुट बारिश के आसार
Bihar Weather: बिहार में इस बार मॉनसून की रवानगी समय से पहले शुरू हो गई है।
Bihar Weather: बिहार में इस बार मॉनसून की रवानगी समय से पहले शुरू हो गई है। शनिवार को राजधानी पटना समेत राज्य के 20 जिलों से मॉनसून की विदाई हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक-दो दिनों में पूरे बिहार से मॉनसून के पूरी तरह विदा होने के आसार हैं। बारिश की गतिविधियों में कमी आते ही प्रदेश में उमस भरी गर्मी ने फिर अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। कई इलाकों में दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी इजाफा महसूस किया जा रहा है।
मॉनसून की विदाई के बीच मौसम विभाग ने आज यानी 5 अक्टूबर को बिहार के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि, कुछ जिलों में हल्की बारिश की फुहारें पड़ सकती हैं। उत्तर-पश्चिम बिहार में पश्चिमी चंपारण, जबकि उत्तर-पूर्व बिहार में सुपौल, अररिया और किशनगंज के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। ऐसे में इन इलाकों के लोगों को मौसम में अचानक बदलाव के लिए तैयार रहना होगा।
उत्तर बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम आमतौर पर साफ और शुष्क रहने की उम्मीद है। आसमान साफ रहने के कारण धूप का तेवर बढ़ सकता है, जिससे दिन में उमस लोगों को परेशान कर सकती है। 6 अक्टूबर को गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के कुछ स्थानों पर बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 6 से 9 अक्टूबर के बीच राजधानी पटना समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। हालांकि, यह बारिश व्यापक नहीं होगी और अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क ही रहने के आसार हैं।
5 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं दक्षिण-पूर्व बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम 24 से 26 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
मॉनसून की विदाई के साथ अब बिहार में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है। बारिश की रफ्तार थमने से जहां खेतों और ग्रामीण इलाकों में राहत की स्थिति बन रही है, वहीं बढ़ती गर्मी और उमस आम लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। आने वाले दिनों में दिन गर्म और रातें अपेक्षाकृत उमसभरी रहने के आसार हैं