Bihar Weather: बिहार में बदला मौसम का मिजाज, सुबह-शाम गुलाबी ठंड की दस्तक, दोपहर में धूप का बरकरार रहेगा असर

Bihar Weather: बिहार में नवंबर की आमद के साथ ही मौसम ने धीरे-धीरे अपनी करवट बदलनी शुरू कर दी है।

बिहार में बदला मौसम का मिजाज- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में नवंबर की आमद के साथ ही मौसम ने धीरे-धीरे अपनी करवट बदलनी शुरू कर दी है। सुबह और शाम की फ़िज़ा में हल्की ठंडक घुलने लगी है, जबकि दोपहर की धूप अब भी गर्मी का एहसास करा रही है। मौसम के इस बदलते मिज़ाज के बीच 4 नवंबर को प्रदेश के सभी 38 जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। फिलहाल बारिश, आंधी या तूफ़ान को लेकर मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि, सुबह के वक़्त कुछ इलाकों में हल्की धुंध और कुहासे की दस्तक लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर सकती है।

बारिश से राहत, आसमान साफ रहने के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बिहार में फिलहाल बारिश का सिलसिला थम चुका है। 4 नवंबर को पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, मुंगेर, अररिया, पूर्णिया और पश्चिम चंपारण समेत तमाम जिलों में मौसम सामान्य और शुष्क रहने की संभावना है। आसमान साफ रहने तथा दिन में धूप खिलने से लोगों को फिलहाल किसी बड़ी मौसमी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। अगले छह दिनों तक तापमान में भी किसी बड़े उतार-चढ़ाव के संकेत नहीं हैं।

सुबह की धुंध बढ़ा सकती है मुश्किलें

नवंबर की शुरुआत के साथ ही सुबह के वातावरण में नमी और हल्की धुंध का असर दिखाई देने लगा है। पटना, अररिया, पश्चिमी एवं पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया के कुछ हिस्सों में सुबह कुहासा छाने की संभावना है। इससे शुरुआती घंटों में दृश्यता प्रभावित हो सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में पटना के लिए 8 और 9 नवंबर को भी सुबह धुंध अथवा कुहासे की संभावना जताई गई है। लिहाज़ा वाहन चालकों को सुबह सफ़र के दौरान एहतियात बरतने की ज़रूरत है।

एसी-कूलर की जरूरत घटेगी, लेकिन गर्मी से पूरी निजात नहीं

मौसम में बदलाव का असर अब घरों की दिनचर्या पर भी दिखने लगा है। सुबह और शाम की हल्की ठंडक के कारण एसी और कूलर का इस्तेमाल पहले के मुकाबले कम हो सकता है। पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, अररिया और पश्चिम चंपारण में ठंडक का एहसास बढ़ेगा। हालांकि, दोपहर का अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। ऐसे में गर्मी से पूरी राहत मिलने की उम्मीद फिलहाल नहीं है। कुल मिलाकर बिहार में मौसम का मिज़ाज बदल रहा है और आने वाले दिनों में सुबह-शाम की ठंडक धीरे-धीरे अपना असर बढ़ा सकती है।