Bihar News : वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से सटे इलाके में फिर बाघ ने किया हमला, किसान की मौत से मची अफरा-तफरी

Bihar News : वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के वन प्रमंडल दो अंतर्गत वाल्मीकिनगर वनक्षेत्र से सटे भेड़िहारी में मंगलवार को बाघ के हमले में एक किसान की मौत हो गई।

Bihar News : वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से सटे इलाके में फिर बाघ
किसान की मौत - फोटो : NAGENDRA

BAGAHA : वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के वन प्रमंडल दो अंतर्गत वाल्मीकिनगर वनक्षेत्र से सटे भेड़िहारी में मंगलवार को बाघ के हमले में एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान भेड़िहारी हरिजन कॉलोनी निवासी राम सागर राम (40), पिता हरिहर राम के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।

जानकारी के अनुसार, राम सागर राम भेड़िहारी की बंगाली कॉलोनी के समीप स्थित अपने गन्ने के खेत में फसल देखने गए थे। इसी दौरान गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में किसान की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी, जिसके बाद वनकर्मियों की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

गौरतलब है कि वीटीआर के आसपास के इलाकों में बाघ के हमलों की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। जुलाई-अगस्त 2026 में महज 17 से 20 दिनों के अंतराल में बाघ के हमलों में तीन ग्रामीणों की मौत हुई थी। इनमें 30 जुलाई को बिसाहा गांव के अकलू यादव, 31 जुलाई को मदनपुर वनक्षेत्र में उमरावती देवी और 15 अगस्त को भेड़िहारी के विजय हालदार की जान गई थी।

लगातार हो रही इन घटनाओं से जंगल से सटे गांवों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। खासकर खेतों में काम करने और फसलों की निगरानी करने जाने वाले किसानों के सामने जंगली जानवरों का खतरा बना हुआ है।

नागेन्द्र की रिपोर्ट