Bihar Weather:बिहार में बढ़ने लगी ठंड, सुबह-रात में कनकनी, 7 दिन कैसा रहेगा मौसम?पढ़िए

Bihar Weather: बिहार में नवंबर की विदाई के साथ ही ठंड ने धीरे-धीरे अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। ...

बिहार में बढ़ने लगी ठंड- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में नवंबर की विदाई के साथ ही ठंड ने धीरे-धीरे अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह घरों से निकलते ही हल्की ठिठुरन महसूस हो रही है, वहीं देर रात भी तापमान में गिरावट के कारण ठंड बढ़ रही है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। मौसम का यही उतार-चढ़ाव फिलहाल अगले कई दिनों तक जारी रहने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।

सुबह के वक्त प्रदेश के ज्यादातर जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है। खासकर अगले दो दिनों तक सुबह धुंध का असर बना रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि, दिन में आसमान साफ रहेगा और अच्छी धूप खिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी भी जिले के लिए बारिश या खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी नहीं की है।

राजधानी पटना में भी सुबह हल्की धुंध के बाद मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 2 दिसंबर तक पटना का न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

अगले 3-4 दिनों तक तापमान में बड़ा बदलाव नहीं

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के मुताबिक, अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। उत्तर-पश्चिम बिहार में न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार में 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं दक्षिण-पश्चिम बिहार में भी न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

भभुआ सबसे गर्म, अरवल में सबसे ज्यादा ठंड

तापमान के आंकड़ों में जिलों के बीच अंतर भी देखने को मिला है। भभुआ में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। दूसरी ओर अरवल में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया और यह प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। पूरे बिहार में न्यूनतम तापमान 11.2 से 16.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ।