Bihar Politics: नीतिश के साथ निशांत संभालेंगे पार्टी की कमान, JDU की नई प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान, निखिल को भी मिली जगह
Bihar Politics: बिहार की सियासत में जनता दल यूनाइटेड ने संगठन को नई धार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
Bihar Politics: बिहार की सियासत में जनता दल यूनाइटेड ने संगठन को नई धार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने 137 सदस्यीय राज्य कार्यकारिणी की सूची जारी कर दी। इस नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ नई पीढ़ी के चेहरों को भी अहमियत दी गई है। कार्यकारिणी में मुख्यमंत्री और JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के अलावा उनके बेटे तथा मंत्री निशांत कुमार को भी शामिल किया गया है। निशांत की एंट्री को संगठन के लिहाज से खास माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार उन्हें प्रदेश स्तर की इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक इकाई में जगह मिली है।
नई कार्यकारिणी में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और वरिष्ठ नेता विजेंद्र प्रसाद यादव को भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही पूर्व सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह और मंत्री लेसी सिंह समेत कई दिग्गज नेताओं को संगठन में जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने इस सूची के जरिए अपने पुराने और भरोसेमंद चेहरों को साथ रखते हुए संगठनात्मक संतुलन साधने की कोशिश की है।
इस नई टीम में निखिल मंडल को भी जगह मिली है। ऐसे में कार्यकारिणी में वरिष्ठ नेताओं के साथ युवा चेहरों की मौजूदगी भी नजर आ रही है। 137 सदस्यीय कमेटी के गठन को JDU के सांगठनिक विस्तार और आगामी राजनीतिक चुनौतियों की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।
निशांत कुमार को मिली जगह ने बिहार के सियासी गलियारों में चर्चा तेज कर दी है। हालांकि, कार्यकारिणी में शामिल किए जाने भर से उनकी भावी राजनीतिक भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक तस्वीर साफ नहीं होती, लेकिन इस फैसले को पार्टी के भीतर उनकी बढ़ती सांगठनिक मौजूदगी के संकेत के रूप में जरूर देखा जा रहा है। अब नई कार्यकारिणी की असली परीक्षा संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय बनाने में होगी।