Bihar Weather: पटना में सुबह-सुबह बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, बिहार पर मेहरबान हुआ मानसून, 17 जिलों में चलेंगी आंधियां, वज्रपात और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी

Bihar Weather: पटना समेत पूरे बिहार में मानसून अब पूरी तरह से अपने शबाब पर है। आज यानी शुक्रवार की सुबह राजधानी पटना में हुई हल्की बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। ...

बिहार पर मेहरबान हुआ मानसून- फोटो : social Media

Bihar Weather: पटना समेत पूरे बिहार में मानसून अब पूरी तरह से अपने शबाब पर है। आज यानी शुक्रवार की सुबह राजधानी पटना में हुई हल्की बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। उमस और तपिश से बेहाल लोगों को राहत मिली तो वहीं आसमान में बादलों की आवाजाही ने दिनभर मौसम के मिजाज के बदलने के साफ इशारे दे दिए। बिहार मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक राजधानी में पूरे दिन बादलों का डेरा बना रहेगा और कई इलाकों में छिटपुट बारिश होने की पूरी संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सूबे में मानसून ट्रफ सक्रिय है, जिसकी वजह से बादलों की लगातार आमद बनी हुई है। फिलहाल मानसून ट्रफ डेहरी, धनबाद और दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है। इसी असर के चलते बिहार के अलग-अलग हिस्सों में कहीं झमाझम बारिश तो कहीं मध्यम वर्षा का सिलसिला जारी है। गुरुवार को कटिहार जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि शुक्रवार की सुबह मुजफ्फरपुर और आसपास के इलाकों में भी बारिश ने दस्तक दी।

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए पूरे प्रदेश में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विभाग ने राज्य के 17 जिलों में बारिश, तेज आंधी और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के मुताबिक कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और मूसलाधार बारिश की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में लोगों से बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य बिहार के 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर शामिल हैं। इन इलाकों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की प्रबल आशंका है। हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को भी पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, जमुई और बांका जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में मध्यम से तेज बारिश होने के आसार हैं। हालांकि यहां खतरा अपेक्षाकृत कम है, लेकिन मौसम विभाग ने एहतियात बरतने की सलाह दी है।शुक्रवार को विशेष रूप से मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं समस्तीपुर, मोतिहारी, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली समेत कई जिलों में गरज-तड़क और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 घंटे बिहार के कई इलाकों के लिए अहम साबित हो सकते हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहें। किसान भी मौसम के ताजा पूर्वानुमान को देखते हुए खेतों में काम करते समय पूरी एहतियात बरतें। फिलहाल मानसून की यह मेहरबानी जहां गर्मी से राहत दे रही है, वहीं तेज बारिश और वज्रपात का खतरा लोगों के लिए नई चुनौती भी बनकर सामने आ गया है।