Bihar Weather: बिहार का 'कूलर' बना नालंदा, न्यूनतम पारा 8 डिग्री पर पहुंचा, जानिए अगले 7 दिनों का 'वेदर चार्ट'

Bihar Weather: बिहार में अब धीरे धीरे ठंड की विदाई हो रही है। दिन में अच्छी खासी धूप निकल रही है, कई जिलों मे धूप अब चुभने लगी है। वहीं नालंदा में अब भी ठंड का असर देखने को मिल रहा है। नालंदा का न्यूनतम 8 डिग्री दर्ज किया गया है।

बिहार में मौसम का डबल अटैक- फोटो : AI Image

Bihar Weather:  बिहार के मौसम में अब बदलाव साफ नजर आ रहा है। दिन के समय तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है। तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि रात में ठंड का अहसास अब भी हो रही है। दरअसल, पछुआ हवा के कारण अभी भी हल्की ठंड का एहसास हो रहा है, हालांकि जनवरी के मुकाबले ठंड का असर काफी कम हो गया है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

8 डिग्री पहुंचा तापमान 

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य का मौसम अधिकतर शुष्क रहने वाला है। बीते 24 घंटे के दौरान राज्य का न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मधेपुरा समेत कुछ जिलों में घना कोहरा भी देखा गया, जहां विजिबिलिटी कई जगहों पर 25 मीटर तक सिमट गई थी। हालांकि अब मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं और कोहरे से धीरे-धीरे राहत मिल रही है।

सर्दी की विदाई

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बसंत ऋतु की शुरुआत के साथ सर्दियों की विदाई भी शुरू हो चुकी है। अब हल्की पछुआ हवाएं चलती रहेंगी और दिन-प्रतिदिन तापमान में इजाफा होगा। पेड़ों से पत्ते झड़ने लगे हैं और दिन में गर्माहट महसूस होने लगी है। फिलहाल अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जबकि रात का तापमान भी बढ़कर लगभग 14.3 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है।

अगले 7 दिनों का वेदर चार्ट 

11 से 17 फरवरी के बीच मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान दिन का तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि रात का तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। आसमान साफ रहेगा और दिन में तेज धूप देखने को मिलेगी। घने कोहरे की स्थिति से राहत बनी रहने की संभावना है। इस अवधि में बारिश के कोई आसार नहीं हैं। दिन में पछुआ हवा का असर महसूस होगा, जबकि रात में हवा की गति थोड़ी कम हो सकती है। कुल मिलाकर मौसम शुष्क और सुहावना बना रहेगा।

पटना में कैसा रहेगा मौसम 

मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक बिहार में मौसम सामान्य बना रहेगा। अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना कम है। सुबह हल्का कोहरा, दिन में धूप और हल्की गर्माहट के साथ रात में हल्की ठंड महसूस हो सकती है। पटना में आने वाले दिनों में आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।