Bihar weather: सावधान बिहार! तेज हवा, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी, अगले 72 घंटे संवेदनशील

Bihar weather:मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे बेहद संवेदनशील हैं और यह स्थिति 7 मई तक जारी रह सकती है।...

अगले 72 घंटे संवेदनशील- फोटो : social Media

Bihar weather: बिहार में इन दिनों आसमान जैसे गुस्से में है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और छत्तीसगढ़ से मणिपुर तक फैली ट्रफ लाइन ने बिहार में मौसम को बेहद अस्थिर बना दिया है। ऊपर से चक्रवाती परिसंचरण के एक्टिव होने से हालात और बिगड़ गए हैं नतीजा, अचानक तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और बिजली की गरज से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे बेहद संवेदनशील हैं और यह स्थिति 7 मई तक जारी रह सकती है। इस दौरान अलग-अलग जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश का सिलसिला थमने वाला नहीं है। कई इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि राजधानी पटना समेत 10 जिलों में रेड अलर्ट घोषित है।

पिछले 24 घंटों में 22 जिलों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई। सीवान में ओलावृष्टि हुई, जबकि गोपालगंज और औरंगाबाद समेत कई शहरों में भारी बारिश के बाद सड़कों पर 3 फीट तक पानी भर गया।

अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बारिश से भले ही गर्मी से राहत मिली हो, लेकिन उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। Patna में दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।

हालांकि, 6 मई के बाद कुछ इलाकों में मौसम साफ होने के संकेत हैं। 8 मई से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो सकती है और एक बार फिर भीषण गर्मी लौटने की आशंका जताई गई है।

फिलहाल प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है खासकर तेज हवा और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। बिहार में मौसम का यह तूफानी दौर अभी थमने वाला नहीं है।