Bihar Weather: बिहार में आज आंधी-बारिश और व्रजपात का अलर्ट, रामनवमी के दिन बिगड़ेगा मौसम, IMD की चेतावनी जारी
Bihar Weather: बिहार में आंधी-बारिश और व्रजपात को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आज रामनवमी के दिन बिहार का मौसम बदला बदला रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
Bihar Weather: बिहार में दो दिनों की गर्मी के बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। आज यानी 27 मार्च को मौसम विभाग ने तेज आंधी बारिश और व्रजपात की चेतावानी जारी की है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बिगड़ते मौसम को देखते हुए लोगों को अलर्ट रहने के लिए कहा है।
मौसम में बदलाव के संकेत
वहीं, पिछले कुछ दिनों से बिहार का मौसम शुष्क बना हुआ था और ज्यादातर इलाकों में धूप खिली रही। हालांकि, अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। 26 मार्च से ही पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जैसे जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम सामान्य रह सकता है।
27 मार्च को पूरे बिहार में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 27 मार्च को पूरे बिहार में मौसम अचानक बिगड़ सकता है। इस दिन 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने, गरज-चमक के साथ भारी बारिश और कई जिलों में ओलावृष्टि होने का पूर्वानुमान है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल सहित 18 जिलों में विशेष रूप से ओले गिरने की आशंका जताई गई है।
28 मार्च को भी होगी बारिश
रामनवमी के अगले दिन 28 मार्च को भी मौसम का असर जारी रहेगा। भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल को छोड़कर राज्य के अन्य 32 जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बारिश की संभावना है। इन इलाकों में वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम में इस बदलाव के कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। फिलहाल राज्य में अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिसमें कैमूर, पटना, बक्सर और गया जैसे जिलों में गर्मी ज्यादा महसूस की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें। तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के समय घरों में ही रहें, खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। जरूरी होने पर ही बाहर निकलें और मौसम अपडेट पर नजर रखें।