Bihar Weather: बिहार में मौसम का यू-टर्न! पटना सहित 13 जिलों में आज होगी झमाझम बारिश, आंधी और वज्रपात का भी अलर्ट

Bihar Weather: बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है। वहीं आज मौसम विभाग ने पटना में भी हल्की बारिश की संभावना जताई है। 13 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

13 जिलों के लिए अलर्ट जारी - फोटो : AI Image

Bihar Weather: बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला बदला नजर आ रहा है। कई जिलों में भीषण गर्मी तो कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। रविवार को कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। वहीं आज यानी सोमवार को मौसम विभाग ने  13 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। 

25 जिलों में भारी गर्मी 

वहीं, राज्य के 25 अन्य जिलों में भीषण गर्मी और लू लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। बता दें कि, दक्षिण और पश्चिम बिहार भीषण गर्मी की चपेट में हैं। रोहतास के डेहरी में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। आठ जिलों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। भोजपुर में गर्मी के कारण एक महिला की मौत की भी खबर है। 

48 घंटे में आंधी-बारिश की चेतावनी 

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बिहार के किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और सुपौल जिलों में अगले 48 घंटों तक आंधी-बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। वहीं दक्षिण बिहार में फिलहाल दो से तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं और लू का प्रकोप जारी रह सकता है।

क्यों बदला मौसम 

मौसम में इस बदलाव के पीछे झारखंड और पश्चिम बंगाल के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती प्रभाव जिम्मेदार बताया जा रहा है। ऊपरी वायुमंडल में तेज हवाओं के कारण वातावरण में अस्थिरता बनी हुई है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में बादल, तेज हवा और बारिश की स्थिति बन रही है।

कैसा रहेगा पटना का मौसम 

हालांकि बारिश के चलते तापमान में हल्की गिरावट संभव है, लेकिन गर्मी से फिलहाल राहत नहीं मिलेगी। अगले 24 घंटों में दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक है। राजधानी पटना में सोमवार को आंशिक बादल छाए रहने के साथ उमस और गर्मी बनी रह सकती है। हालांकि शाम या रात में तेज हवा के साथ हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है और फिलहाल मौसम अस्थिर बना रहेगा।