Patna Bulldozer Action:गंगा किनारे चला बुलडोजर, 35 पक्के अवैध निर्माण ध्वस्त, DM त्यागराजन का क्लियर मैसेज-सरकारी जमीन पर कब्जा हटने तक एक्शन रहेगा जारी
Patna Bulldozer Action: डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम के सख्त निर्देश पर रविवार को सभ्यता द्वार से कलेक्ट्रेट के पीछे तक फैले इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 पक्के अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया।...
Patna Bulldozer Action: पटना में गंगा तट पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर एक्शन लगातार आठवें दिन भी जारी रहा। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम के सख्त निर्देश पर रविवार को सभ्यता द्वार से कलेक्ट्रेट के पीछे तक फैले इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 पक्के अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया। इस कार्रवाई से गंगा किनारे कब्जा जमाए बैठे लोगों में हड़कंप मच गया।
प्रशासन का कहना है कि गंगा तट न सिर्फ पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील है, बल्कि जनहित और शहर के विकास के लिए भी बेहद अहम है। इसके बावजूद असामाजिक तत्वों द्वारा सरकारी जमीन पर कब्जा कर पक्के निर्माण खड़े कर दिए गए थे। अब ऐसे कब्जाधारियों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए एक-एक अवैध ढांचे को हटाया जा रहा है। डीएम ने साफ संदेश दिया है कि गंगा किनारे की असर्वेक्षित जमीन पूरी तरह सरकारी संपत्ति है और इस पर किसी भी निजी दावे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीओ और एसडीपीओ को सख्त हिदायत दी गई है कि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा न हो, इसकी पुख्ता निगरानी सुनिश्चित की जाए। जो भी इस अभियान में बाधा बनेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तय है।
यह कार्रवाई सिर्फ अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे बड़ी विकास योजना भी छिपी है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के तहत गंगा के फ्लड प्लेन क्षेत्र में किसी भी प्रकार के निर्माण पर रोक है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने अब ‘नो टॉलरेंस’ नीति अपनाई है।
अतिक्रमण हटने के बाद इन क्षेत्रों को नए सिरे से विकसित किया जाएगा। यहां हरित क्षेत्र, पार्किंग, और सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके। गंगा पथ, अशोक राजपथ और पटना साहिब जैसे इलाकों में पहले से चल रहे विकास कार्यों को भी इससे गति मिलेगी। प्रशासन का साफ मकसद है पटना को एक व्यवस्थित, सुंदर और आधुनिक शहर बनाना। और इस राह में जो भी अवैध कब्जा आड़े आएगा, उस पर बुलडोजर का वार जारी रहेगा।