Bihar Weather: छठ महापर्व में बारिश बन सकती है खलल, आज इन जिलों में बारिश के आसार, 27 से 31 अक्टूबर तक रहे सावधान
Bihar Weather: लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा आज से शुरु हो गया है। वहीं छठ पूजा में बारिश की खलल पड़ सकती है। मौसम विभाग ने छठ पूजा के दौरान बारिश की संभावना जताई है।
Bihar Weather: बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। लोक आस्था का महापर्व छठ आज से शुरु हो गया है। आज नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय पर्व की विधिवत शुरुआत हो रही है। छठ पूजा के बीच मौसम में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। सुबह शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है। आज सुबह पटना, अरवल, जमुई सहित कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा।
खरना तक रहेगा साफ आसमान
मौसम विभाग की मानें तो आज और कल पटना समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। दिन का तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है, जबकि रात में हल्की ठंड का अहसास होगा। हवा में करीब 60 प्रतिशत आर्द्रता बनी रह सकती है और सुबह के समय हल्का कुहासा देखने को मिलेगा। वहीं भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया जैसे दक्षिण-पूर्वी जिलों में बादल थोड़े अधिक रहेंगे।
खरना के बाद बदलेगा मौसम का रुख
मौसम विभाग के अनुसार 27 से 31 अक्टूबर के बीच बिहार में बारिश की संभावना है, जिसका असर संध्या अर्घ्य के दिन भी देखने को मिल सकता है। बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवाओं के उत्तर की ओर बढ़ने से बादल बनने की प्रक्रिया तेज हो जाएगी। 30 और 31 अक्टूबर को ये हवाएं और मजबूत होंगी। जिससे राज्यभर में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तर बिहार के कुछ जिलों में हल्की वर्षा की संभावना है।
27 से 31 अक्टूबर तक इन जिलों में बारिश
27 अक्टूबर को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और शिवहर में हल्की बारिश की संभावना है। 28 अक्टूबर को पश्चिम-पूर्व चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय और लखीसराय में हल्की वर्षा की संभावना है। 29 अक्टूबर को पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश, जबकि अन्य जिलों में हल्की वर्षा हो सकती है। वहीं 30 अक्टूबर को सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में मध्यम स्तर की बारिश, जबकि अन्य जिलों में हल्की वर्षा के आसार हैं।